
भाजपा ने अपने मंत्रियों को बेहतर शासन के मंत्र दिये
भाजपा ने नीतीश सरकार में अपने मंत्रियों को बेहतर शासन चलाने के लिए निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंत्रियों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना आवश्यक है। इसके अलावा, विकास में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने की बात भी की गई।
भाजपा ने नीतीश सरकार में शामिल अपने मंत्रियों को बेहतर शासन चलाने के मंत्र दिये। साथ ही राज्य सरकार के सुशासन को आगे बढ़ाने और न्याय के साथ विकास को आम लोगों तक पहुंचाने को भी कहा। राज्य सरकार में भाजपा कोटे के 14 मंत्री शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पांच देशरत्न मार्ग में रविवार शाम भाजपा मंत्रियों की बैठक हुई। इनमें एनडीए को मिली प्रचंड जीत के लिए आम लोगों का आभार जताया गया। साथ ही जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प भी व्यक्त किया गया। मंत्रियों से विभागीय योजनाओं में पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर उनके कार्यान्वयन की भी बात हुई, ताकि लोगों तक उसका लाभ पहुंच सके।
श्री चौधरी ने मंत्रियों को आम लोगों से अधिक से अधिक जुड़ने, उनकी समस्याओं के समाधान की पहल करने और सरकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में आम लोगों को दिलाने की बात कही। उन्होंने विकास और कल्याणकारी योजनाओं में आम लोगों की हिस्सेदारी हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सबसे पहले पूरे प्रदेश के लिए अपने-अपने विभागों के आधार पर विकास का रोडमैप तैयार करने को भी कहा। जनता ने हमारे ऊपर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और हमें उस पर खड़ा उतरना है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंचेगा और कल्याणकारी और विकास योजनाओं में उनकी सहभागिता नहीं होगी, हमारा उद्देश्य सफल नहीं हो सकता। क्षेत्र की कमियों को दूर करने के लिए भी उनके स्तर पर पहल होनी चाहिए। व्यवहार में संयम बरतते हुए विभागीय कार्यों में पूरी गंभीरता से जुटें, ताकि जिस विश्वास से जनता ने उन्हें कुर्सी सौंपी है, उनकी वे उम्मीदें पूरी हो सकें। बैठक के बाद श्री चौधरी ने कहा कि नयी सरकार के गठन के बाद भाजपा मंत्रियों के साथ एक औपचारिक बैठक आयोजित की गयी थी। यह शिष्टाचार बैठक थी। इसके तहत हमने बेहतर ढंग से सरकार चलाने पर विमर्श किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




