भाजपा विधानमंडल दल के नेता सम्राट तो उपनेता बने विजय
भाजपा विधानमंडल दल के नेता सम्राट चौधरी और उपनेता विजय कुमार सिन्हा बनाए गए हैं। पार्टी ने इनकी जिम्मेदारी नियुक्त की। केंद्रीय पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य ने नामों की घोषणा की, जिससे भाजपा कार्यालय में खुशी का माहौल बना। बैठक में 89 विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।

भाजपा विधानमंडल दल के नेता सम्राट चौधरी तो उपनेता विजय कुमार सिन्हा बनाए गए हैं। पार्टी ने फिर इन दोनों नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दोनों नेताओं के नाम की घोषणा की। बुधवार को नाम का एलान होते ही पार्टी प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी। दोनों नेताओं को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। भाजपा विधायक दल की बैठक में सभी 89 नवनिर्वाचित विधायकों के अलावा विधान पार्षद और पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। बैठक में शामिल होने के लिए विधायकों का आना सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू हो गया था।
11.30 बजे बैठक शुरू हुई। हालांकि केशव प्रसाद मौर्य भी साढ़े नौ बजे पार्टी कार्यालय पहुंच गए थे। विधायक दल की बैठक शुरू होने तक उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया। इधर, सभी विधायकों को चंदन का टीका लगाकर और गुलाब का फूल भेंटकर स्वागत किया गया। दल का नेता चुनने के लिए भाजपा संसदीय बोर्ड ने केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक तथा केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को केंद्रीय सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। करीब घंटेभर चली इस बैठक में प्रमुख नेताओं ने अपनी बात रखी। बैठक की समाप्ति के बाद सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को बधाई देने वालों का तांता लग गया। बैठक में मुख्य रूप से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र, प्रदेश महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, सांसद संजय जायसवाल आदि नेता मौजूद थे। 11 प्रस्तावक बने सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के नाम के प्रस्तावक पार्टी के 11 नेता बने थे। इनमें डॉ. प्रेम कुमार, रामकृपाल यादव, कृष्ण कुमार ऋषि, संगीता कुमारी, अरुण शंकर प्रसाद, मिथिलेश तिवारी, नितिन नवीन, वीरेंद्र कुमार, रमा निषाद, मनोज शर्मा और कृष्ण कुमार मंटू शामिल हैं। चर्चाओं पर लगा विराम भाजपा विधानमंडल दल के नेता के नाम की घोषणा होने तक पार्टी प्रदेश कार्यालय में चर्चाओं का दौर जारी रहा। हर नेता, पार्टी पदाधिकारी और मीडिया कर्मियों के बीच अलग-अलग नामों की चर्चा हो रही थी। हर तरफ से कई नाम आ रहे थे। मगर नाम की घोषणा होते ही इन चर्चाओं पर विराम लग गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


