
मोहनियां से राजद प्रत्याशी का नामांकन रद्द करे आयोग : भाजपा
भाजपा ने मोहनियां विधानसभा सुरक्षित सीट से राजद प्रत्याशी श्वेता सुमन के नामांकन को रद्द करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि श्वेता मूलतः उत्तर प्रदेश की निवासी हैं और उनका जन्मस्थान भी वहीं है।...
भाजपा ने कहा है कि मोहनियां विधानसभा सुरक्षित सीट से राजद प्रत्याशी श्वेता सुमन उत्तर प्रदेश की निवासी हैं। इसलिए वह बिहार की सुरक्षित सीट से चुनाव नहीं लड़ सकती हैं। पार्टी ने निर्वाचन आयोग से उनका नामांकन रद्द करने की मांग की है। प्रदेश भाजपा न्यायिक एवं चुनाव आयोग संपर्क विभाग के प्रमुख विंध्याचल राय ने मंगलवार को पार्टी के मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता में कहा कि स्वेता सुमन के नामांकन पत्र में कई त्रुटियां हैं। प्रत्याशी मूलतः उत्तर प्रदेश की निवासी हैं और उनका जन्मस्थान उत्तर प्रदेश है। उनके पति का नाम विनोद राम है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान स्वेता सुमन ने इसी सीट से सुमन देवी पत्नी विनोद राम के नाम से नामांकन दाखिल किया था, जिसमें उन्होंने उल्लेख किया था कि वह उत्तर प्रदेश की चंदौली की निवासी हैं और अनुसूचित जाति में आती है।
उन्होंने कहा कि आरक्षित विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचन लड़ने के लिए प्रत्याशी का उस राज्य का अनुसूचित जाति का होना आवश्यक है। हमलोगों ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से इसकी लिखित शिकायत भी की है। प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू और भाजपा विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक संजय राम भी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




