बर्ड फ्लू : चिड़ियाघर आम दर्शकों के लिए सात मार्च तक बंद
पटना में होली से पहले बर्ड फ्लू फैल चुका है। मुर्गियों में संक्रमण की पुष्टि होने के कारण पटना जू को हाई-अलर्ट मोड पर रखा गया है। आम दर्शकों के लिए जू का प्रवेश 7 मार्च तक बंद रहेगा। संक्रमित क्षेत्रों में सावधानी बरती जा रही है और मांसाहारी जानवरों को मुर्गा देने पर रोक लगा दी गई है।

होली से पहले राजधानी में बर्ड फ्लू फैल चुका है। पटना में मुर्गियों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इसके लिए एहतियातन पटना जू हाई-अलर्ट मोड पर आ चुका है। जू में आम दर्शक या मॉर्निंग वॉकरों के लिए सात मार्च तक प्रवेश पूर्णत: बंद कर दिया गया है। जू में सावधानी पूर्वक प्रवेश सिर्फ वहां के कर्मचारियों का होगा। कर्मी मास्क लगा और गेट पर फूट वॉश के बाद अंदर प्रवेश करेंगे। दरअसल चितकोहरा के कौशल नगर स्थित बिहार पशु विज्ञान विवि के पोल्ट्री अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में छह हजार मुर्गियां संक्रमित पाई गई हैं। संक्रमित क्षेत्र के एक किमी के दायरे को संक्रमण जोन घोषित किया गया है।
जू इसके दायरे में आ रहा है। इस कारण से जू को बंद किया गया है। जू के मांसाहारी जानवरों को मुर्गा बंद : बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जू के मांसाहारी जानवरों को खाना में मुर्गा देना बंद कर दिया गया है। मुर्गा के बदले जानवरों को मटन दिया जा रहा है। जानवरों को मटन या बीफ को 72 डिग्री तापमान पर उबालकर दिया जा रहा है, ताकि संक्रमण नहीं फैल सके। हर केज को सुबह-शाम सैनिटाइज किया जा रहा है। 24 घंटे कर्मियों की तैनाती की गयी है। पक्षियों में यह संक्रमण तेजी से फैलता है। इसलिए पक्षियों के केज पर विशेष नजर रखी जा रही है। संजय गांधी जैविक उद्यान के निदेशक हेमंत पाटिल ने बताया कि हर साल फरवरी से मार्च के बीच बर्ड फ्लू फैलने की आशंका रहती है। जू में इसको लेकर पहले से सावधानी बरती जा रही है। जू में प्रवेश करने वाले जू कर्मियों के लिए गेट पर ही पोटेशियम पर मैगनेट से फूट वॉश करवाया जा रहा है। ताकि जू में किसी प्रकार का संक्रमण नहीं फैल सके। हर रोज नियमित तौर पर पूरे उद्यान को सैनेटाइज किया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


