ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनाआर्थिक सर्वेक्षण: अनाज उत्पादन में सालाना 4.4 फीसदी की हो रही वृद्धि

आर्थिक सर्वेक्षण: अनाज उत्पादन में सालाना 4.4 फीसदी की हो रही वृद्धि

बिहार के विकास में कृषि क्षेत्र का योगदान सबसे प्रमुख रहा है। अनाज उत्पादन में सालाना 4.4 फीसदी की वृद्धि हो रही है। अनाज उत्पादन में भी विशेषकर पिछले पांच वर्षों में मक्का व चावल उत्पादन में क्रमश:...

आर्थिक सर्वेक्षण: अनाज उत्पादन में सालाना 4.4 फीसदी की हो रही वृद्धि
पटना। हिन्दुस्तान ब्यूरो Mon, 11 Feb 2019 05:38 PM
ऐप पर पढ़ें

बिहार के विकास में कृषि क्षेत्र का योगदान सबसे प्रमुख रहा है। अनाज उत्पादन में सालाना 4.4 फीसदी की वृद्धि हो रही है। अनाज उत्पादन में भी विशेषकर पिछले पांच वर्षों में मक्का व चावल उत्पादन में क्रमश: छह व चार फीसदी की वृद्धि हुई। 

सूबे के उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री की ओर से सोमवार को विधानमंडल में पेश 13वें आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार वित्तीय वर्ष 2013-14 में बिहार में 15.72 लाख टन अनाज का उत्पादन हुआ था। वित्तीय वर्ष 2017-18 में यह बढ़कर 17.35 लाख टन हो गया। इस तरह अनाज उत्पादन में सालाना 4.4 फीसदी की वृद्धि हुई। वर्ष 2013-14 में 66.50 लाख टन चावल का उत्पादन हुआ था, जो 2017-18 में 80.91 लाख टन हो गया। इसी तरह 2013-14 में 29.05 लाख टन मक्का का उत्पादन  2017-18 में बढ़कर 31.21 लाख टन हो गया। जौ, ज्वार, बाजरा, रागी व कोदो-सावां जैसे मोटे अनाज का उत्पादन 2013-14 में 29.33 लाख टन था जो 2017-18 में बढ़कर 31.52 लाख टन हुआ। मोटे अनाज में सालाना 5.96 फीसदी की वृद्धि रही। 

दलहन व तिलहन के उत्पादन में गिरावट 
हालांकि दलहन व तिलहन के उत्पादन में गिरावट आई है। चना व गरमा मूंग को छोड़ बाकी सभी तरह की दलहनी फसलों का उत्पादन घटा है। सालाना 2.03 फीसदी की गिरावट आई है। वित्तीय वर्ष 2013-14 में 5.22 लाख टन दलहन का उत्पादन हुआ था जो 2017-18 में घटकर 4.55 लाख टन हो गया। इसी अवधि में तिलहन 1.58 लाख टन से घटकर 1.25 लाख टन हो गया। तिलहन में सालाना 4.68 फीसदी की गिरावट हुई है।  राज्य में सब्जियों का उत्पादन 2015-16 के 142.42 लाख टन से बढ़कर 2017-18 में 148.12 लाख टन हो गया। वर्ष 2017-18 में राज्य में 3.09  लाख हेक्टेयर में फलों की खेती हुई और 42.29 लाख टन उत्पादन हुआ। 

दूध उत्पादन में भी वृद्धि 
दूध के उत्पादन में बिहार में लगातार वृद्धि हो रही है। वर्ष 2013-14 में 71.97 लाख टन से बढ़कर 2017-18 में 92.41 लाख टन दूध का उत्पादन हो गया। 

अंडा में 6.84 फीसदी की वृद्धि 
अंडों के उत्पादन में भी 6.84 फीसदी की वृद्धि हुई और 2017-18 में 121.85 करोड़ उत्पादन हुआ। मांस उत्पादन 2013-14 के 2.92 लाख टन से बढ़कर 2017-18 में 3.43 लाख टन हुआ। वर्ष 2013-14 में मछली का उत्पादन 4.32 लाख टन से बढ़कर 2017-18 में 5.87 लाख टन हो गया। इसमें सालाना सात फीसदी की वृद्धि हुई। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें