लाल किले में भारत पर्व पर वर्चुअल रियलिटी के जरिए बिहार दर्शन

Jan 30, 2026 11:34 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

गणतंत्र दिवस के अवसर पर लालकिले पर आयोजित भारत पर्व में बिहार पर्यटन के स्टॉल पर वर्चुअल रियलिटी तकनीक से प्रमुख पर्यटन स्थलों का डिजिटल दर्शन कराया जा रहा है। मखाना झांकी और पारंपरिक खाद्य स्टॉल ने पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया है। यह तकनीक युवाओं और विदेशी सैलानियों के बीच लोकप्रिय हो रही है।

लाल किले में भारत पर्व पर वर्चुअल रियलिटी के जरिए बिहार दर्शन

गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में लालकिले पर 31 जनवरी तक आयोजित भारत पर्व में बिहार पर्यटन के स्टॉल पर अत्याधुनिक वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तकनीक के माध्यम से बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों का डिजिटल दर्शन कराया जा रहा। बिहार की पहचान सुपर फूड मखाना झांकी, पारंपरिक बिहार फूड स्टॉल और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने देशभर से आए पर्यटकों का ध्यान खींचा है। शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, बिहार पर्यटन स्टॉल पर लगाए गए वीआर सेट के जरिए दर्शकों को बोधगया, नालंदा, राजगीर, वैशाली, पावापुरी, वाल्मीकि नगर और मधुबनी जैसे ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की 360 डिग्री वर्चुअल यात्रा कराई जा रही है।

इस तकनीक के माध्यम से बिहार की विरासत और पर्यटन संभावनाओं को जिस आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है, वह खासकर युवाओं और विदेशी सैलानियों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है। स्टॉल पर मौजूद पर्यटक वीआर हेडसेट पहनकर बिहार के पर्यटन स्थलों को नजदीक से महसूस कर रहे हैं। डिजिटल तकनीक के इस प्रयोग से लोगों को कम समय में बिहार की विविधता, आध्यात्मिकता और प्राकृतिक सौंदर्य की झलक मिल रही है। क्यूआर कोड के माध्यम से बिहार पर्यटन से जुड़ी विस्तृत जानकारी, ट्रैवल सर्किट और पर्यटन स्थलों का विवरण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। मखाना झांकी ने बटोरी खास सराहना भारत पर्व परिसर में प्रदर्शित बिहार की मखाना झांकी इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। झांकी के माध्यम से मिथिला क्षेत्र में मखाना उत्पादन, उसकी खेती, प्रसंस्करण और इससे जुड़े ग्रामीण जीवन को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया है। मखाना को बिहार की “सुपर फूड” पहचान के रूप में प्रस्तुत करते हुए इसके पोषण मूल्य, रोजगार संभावनाओं और वैश्विक मांग को रेखांकित किया गया है। भारत पर्व में बड़ी संख्या में दर्शक मखाना झांकी के साथ तस्वीरें लेते हुए नजर आए। बिहार फूड स्टॉल भी लोगों के बीच खास लोकप्रिय है। भारत पर्व के सांस्कृतिक मंच पर बिहार के लोकनृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया है। भारत पर्व में बिहार की यह समग्र प्रस्तुति राज्य की सकारात्मक और प्रगतिशील छवि को राष्ट्रीय मंच पर मजबूत कर रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;