छिनतई के आरोपित कोढ़ा गिरोह पर एसटीएफ की छापेमारी
बिहार एसटीएफ ने कुख्यात कोढ़ा गैंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। छापेमारी में दो अपराधियों के घर से 874 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण और 1.49 लाख रुपये नकद बरामद हुए। ये आभूषण पिछले महीने की झपटमारी के दौरान चुराए गए थे। अपराधियों की तलाश जारी है।

बिहार एसटीएफ ने कुख्यात कोढ़ा गैंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। दो अपराधियों के घरों पर छापेमारी कर छिनतई के 874 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण व करीब 1.49 लाख रुपये नकद बरामद किया है। एसटीएफ से मिली जानकारी के मुताबिक आठ दिसंबर को रांची के बरियारपुर हाउसिंग कॉलोनी के लॉकर से गहने निकालकर घर जाने के क्रम में जयप्रकाश नगर के निलय प्रकाश से अपराधी गहनों का बैग झपटकर भाग गए थे। अपराधी की पहचान कटिहार के कोढ़ा थाना अंतर्गत रामकुमार यादव के रूप में हुई। इसके बाद एसटीएफ की टीम ने कटिहार पुलिस के साथ मिलकर कोढ़ा में छापेमारी की और रामकुमार यादव के घर से 422 ग्राम सोने के आभूषण और 452 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए।
इनमें सोने के दो बिस्कुट, चार सोने के सिक्के, तीन तनिष्क के सोने का सिक्का, 15 सोने की अंगूठियां, 16 सोने के झुमके, आठ पीस सोने की चेन, दो सोने का हार, नथुनी आदि शामिल है। इसके अलावा चोदी की प्लेट, सिक्के, पायल, चेन, कड़ा आदि भी बरामद किया गया है। अपराधी रामकुमार यादव की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा बिहार एसटीएफ ने कटिहार के कोढ़ा थाना अंतर्गत अपराधी अनिकेत कुमार के घर पर छापेमारी कर झपटमारी का एक लाख 49 हजार रुपये बरामद किया है। पिछले माह 28 नवंबर को दरभंगा के बड़गांव थाना क्षेत्र चतरा निवासी चंद्रकांत यादव बैंक से एक लाख 500 रुपये निकालकर घर जा रहे थे, जब कोढ़ा गैंग के अपराधी रुपये झपटकर भाग गए थे। इसमें अनिकेत भी शामिल था। अनिकेत के घर से ही दरभंगा के बिरौल के ही एक अन्य मामले में छीने गए 49 हजार रुपये नकद भी बरामद किये गए हैं। अपराधी अनिकेत की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




