Hindi NewsBihar NewsPatna NewsBihar STET 2025 Extra Fees for Objections to be Refunded
एसटीईटी : उत्तरकुंजी पर आपत्ति दर्ज करने को दिए गए अतिरिक्त शुल्क वापस होंगे

एसटीईटी : उत्तरकुंजी पर आपत्ति दर्ज करने को दिए गए अतिरिक्त शुल्क वापस होंगे

संक्षेप:

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने एसटीईटी 2025 के औपबंधिक उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करने के लिए लिए गए अतिरिक्त शुल्क वापस करने की घोषणा की है। 24 से 28 नवंबर तक जिन अभ्यर्थियों ने पांच से अधिक प्रश्नों पर आपत्ति दर्ज की थी, उनकी अतिरिक्त राशि दिसंबर में लौटाई जाएगी।

Nov 29, 2025 06:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) 2025 के औपबंधिक उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करने के लिए भुगतान किए गए अतिरिक्त शुल्क वापस होंगे। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) ने इसकी सूचना जारी की है। 24 से 28 नवंबर तक जिन अभ्यर्थियों से पांच से अधिक प्रश्नों पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 250 रुपये से अधिक शुल्क लिए गए हैं, उनकी अतिरिक्त राशि दिसंबर में वापस कर दी जाएगी। दरअसल बोर्ड ने 27 नवंबर को अभ्यर्थियों के लिए एक राहत भरी घोषणा की थी। इस घोषणा के अनुसार बोर्ड ने एसटीईटी समेत बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं के बाद जारी होने वाली उत्तरकुंजी पर आपत्ति दर्ज करने के लिए पांच प्रश्नों पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 50 रुपये प्रति प्रश्न, वहीं पांच से अधिक प्रश्नों पर आपत्ति दर्ज करने के लिए अधिकतम 250 रुपये शुल्क निर्धारित किया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

लेकिन तकनीकी कारणों से यह व्यवस्था लागू नहीं हो पाई है। इसलिए बोर्ड ने फिलहाल पुरानी शुल्क संरचना के अनुसार ही आपत्ति दर्ज करने को कहा है। जो भी अतिरिक्त राशि होगी वह बोर्ड दिसंबर महीने में अभ्यर्थियों को वापस कर देगा। पुरानी व्यवस्था के अनुसार आपत्ति दर्ज करने के लिए प्रति प्रश्न 50 रुपये का शुल्क भुगतान करना पड़ता है। ऐसे में कोई अभ्यर्थी यदि 10 प्रश्नों पर आपत्ति दर्ज करता तो उसे 500 रुपये का भुगतान करना पड़ता। नई शुल्क संरचना के अनुसार केवल 250 रुपये का ही भुगतान करना पड़ेगा।