
एसटीईटी, सक्षमता चतुर्थ का परिणाम अगले माह
बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) और सक्षमता परीक्षा चतुर्थ के परिणाम दिसंबर के पहले और दूसरे सप्ताह में आएंगे। एसटीईटी परीक्षा 14 अक्टूबर से 16 नवंबर तक हुई थी। इसके साथ ही, उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है, अब अभ्यर्थी शुक्रवार तक आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
एसटीईटी 2025 और सक्षमता परीक्षा चतुर्थ के परीक्षा परिणाम दिसंबर में आएंगे। बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) का परिणाम दिसंबर के दूसरे सप्ताह तो सक्षमता परीक्षा चतुर्थ का परिणाम पहले सप्ताह में जारी होगा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने यह जानकारी दी। मालूम हो कि एसटीईटी 14 अक्तूबर से 16 नवंबर तक राज्य के 9 जिलों में बने केन्द्रों पर कंप्यूटर आधारित (सीबीटी) मोड में हुई थी। माध्यमिक स्तर के लिए पेपर 1 और उच्च माध्यमिक के लिए पेपर 2 का आयोजन हुआ था। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा और भोजपुर जिले में इसके लिए केन्द्र बनाए गए थे।
एसटीईटी उत्तर कुंजी पर कल तक दर्ज कर सकते हैं आपत्ति बिहार बोर्ड ने एसटीईटी की उत्तरकुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने की तिथि बढ़ा दी है। जिन अभ्यर्थियों को एसटीईटी की उत्तर कुंजी में किसी प्रश्न का उत्तर त्रुटिपूर्ण लगता है तो वह शुक्रवार तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकता है। इससे पहले गुरुवार यानी 27 नवंबर आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि निर्धारित थी। अभ्यर्थी उत्तर कुंजी समिति की वेबसाइट https://bsebstet.org पर जाकर देख सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि आपत्ति केवल ऑनलाइन ही स्वीकार की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




