ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार पटनाबिहार स्कूल स्पोर्ट्स मीट छह अगस्त से

बिहार स्कूल स्पोर्ट्स मीट छह अगस्त से

राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में राज्य के बेहतर प्रदर्शन के लिए संकुल स्तर पर प्रतिभावान खिलाड़ियों की खोज की जाएगी। इसका कैलेंडर तैयार कर लिया गया है। बिहार स्कूल स्पोर्ट्स मीट-2018 तरंग...

बिहार स्कूल स्पोर्ट्स मीट छह अगस्त से
हिन्दुस्तान टीम,पटनाTue, 17 Jul 2018 08:12 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में राज्य के बेहतर प्रदर्शन के लिए संकुल स्तर पर प्रतिभावान खिलाड़ियों की खोज की जाएगी। इसका कैलेंडर तैयार कर लिया गया है। बिहार स्कूल स्पोर्ट्स मीट-2018 तरंग कार्यक्रम के तहत बिहार शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा प्रत्येक स्कूल एवं प्रखंड में एथलेटिक्स की प्रतियोगिता उच्च विद्यालयों के खेल मैदान या किसी अन्य मैदान में करायी जाएंगी।

प्रतियोगिता का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। संकुल स्तर पर प्रतियोगिताएं छह अगस्त से होंगी। सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को परिषद ने कार्यक्रम भेजा है।

राज्य परियोजना प्रबंधक संजय सिंह द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिताएं अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए होंगी। इनमें सरकारी मध्य विद्यालय, उच्च विद्यालयों के साथ ही मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों को भी शामिल किया जाएगा। अंडर-14 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए संकुल स्तर से आरंभ होकर राज्य स्तर तक 100, 200, 400 मीटर दौड़ के अलावा लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉट पुट डिस्कस थ्रो, 4 गुना 100 मीटर रिले दौड़ की प्रतियोगिताएं होंगी।

वहीं अंडर-17 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए प्रखंड स्तर से आरंभ होकर राज्य स्तर तक 100, 200, 400, 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़ के साथ 4 गुना 100 मीटर रिले दौड़ होगी। लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉट पुट डिस्कस थ्रो, जेबलिंग थ्रो प्रतियोगिताएं भी होंगी।

इन तिथियों में होंगी एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं

संकुल स्तर पर प्रतियोगिताएं छह से 10 अगस्त, प्रखंड स्तर पर 17 से 25 अगस्त, जिला स्तर पर चार से 11 सितंबर के बीच होंगी। वहीं 17 से 20 सितंबर तक चयनित बच्चों के साथ जिला स्तरीय प्रशिक्षण और 25 से 28 सितंबर तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न कराई जाएंगी। राज्य स्तर पर चयनितों को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा 15 दिन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिर यह बालक-बालिकाएं राज्य का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में करेंगे। दौड़, ऊंची कूद, शॉट पुट डिस्कस थ्रो, जेबलिंग थ्रो में प्रत्येक जिले में प्रथम आने वाले बालक-बालिका इसमें शामिल होंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें