श्री बाबू को भारत रत्न देने की अनुशंसा करेगी बिहार सरकार
राज्य सरकार बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह को मरणोपरांत भारत रत्न देने की अनुशंसा केन्द्र से करेगी। विधान परिषद में ध्यानाकषर्ण का जवाब...
राज्य सरकार बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह को मरणोपरांत भारत रत्न देने की अनुशंसा केन्द्र से करेगी। विधान परिषद में ध्यानाकषर्ण का जवाब देते हुए सरकार के वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी ने यह घोषणा की।
भाजपा के विधान पार्षद सच्चिदानंद राय ने गुरुवार को ध्यानाकर्षण के जरिए बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को मरणोपरांत भारत रत्न देने से संबंधित सवाल उठाया था। इसपर सरकार की ओर से प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि श्रीबाबू के व्यक्तित्व में बहुत खूबियां थीं। राज्य सरकार केन्द्र से उन्हें भारत रत्न देने की अनुशंसा करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर और डॉ. राम मनोहर लोहिया को भारत रत्न देने की अनुशंसा राज्य सरकार ने की है, पर आज तक यह लंबित है।
उन्होंने सच्चिदांनद राय की ओर इशारा करते हुए कहा कि सदस्य अपने नेटवर्क से इसके लिए प्रयास करें। इसपर सच्चिदानंद राय ने कहा कि अनुशंसा भेजकर मुख्यमंत्री स्वयं प्रधानमंत्री से बात कर लें तो दिक्कत नहीं होगी। वहीं जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने ट्वीट कर कहा कि हमें खुशी है कि बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह को भारत रत्न देने के लिए बिहार सरकार केन्द्र से अनुशंसा करेगी।