आठ जिले की 10 सड़क परियोजनाओं के लिए 675 करोड़ दिए
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने बिहार के आठ जिलों में 10 सड़क परियोजनाओं को 675 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं से सड़क संपर्कता मजबूत होगी और राज्य के सुदूर क्षेत्रों में विकास को...

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क और बुनियादी ढांचा कोष (सीआरआईएफ) योजना के तहत आठ जिलों की 10 सड़क परियोजनाओं की मंज़ूरी दे दी है। बिहार सरकार की अनुशंसा पर स्वीकृत इन परियोजनाओं पर 675 करोड़ खर्च होंगे। इस मद में बिहार को अब तक की सर्वाधिक राशि मिली है। जिन जिले में सड़कों का निर्माण होगा उसमें बक्सर, सारण, नवादा, मधुबनी, भागलपुर, अररिया, पूर्णिया व पूर्वी चम्पारण शामिल है। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि बिहार की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार संयुक्त रूप से काम कर रही है।
इसी क्रम में केंद्रीय सरकार की ओर से करीब 675 करोड़ की राज्य के आठ जिले की 10 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी है। इनमें पथों के मजबूतीकरण और चौड़ीकरण तथा एक पुल निर्माण की योजना शामिल है। यह सभी सड़कें जिले की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान निभायेगी। साथ ही जिलों के अंदर की सड़क संपर्कता को सुदृढ़ होगी जिससे राज्य के सुदूर क्षेत्र में विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। स्वीकृत परियोजनाओं में 135 करोड़ की लागत से अररिया जिले के जयनगर (भरगामा प्रखंड) से घुरना (नरपतगंज प्रखंड) भारत-नेपाल सीमा तक 30 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा। 117.49 करोड़ की लागत से बक्सर जिले में एसएच-17 का चौसा-गोला-कोचस पथ (बसाही पुल तक) का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण और एक पुल का निर्माण होगा। 48.68 करोड़ की लागत से सारण जिले के तरैया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राज्य राजमार्ग संख्या 104 के 12 किमी पथ का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य होगा। 45 करोड़ की लागत से नवादा स्टेशन रोड से गोसाई बिगहा, जहाना, लाखमोहना, सुपौल तक की 11.6 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जाएगा। 5. 72 करोड़ की लागत से मधुबनी जिले के रामनगर-मोतीपुर खैरा सड़क का 12.5 किमी तक चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण होगा। 80 करोड़ की लागत से भागलपुर से गोराडीह होते हुए कोतवाली तक 17.14 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जाएगा। 56.70 करोड़ की लागत से 4.5 किमी तक भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग (एसएच-19) को एनएच-80 से जोड़ा जाएगा। 42.50 करोड़ की लागत से मोतिहारी के ढाका-लौखान सड़क का 11 किमी तक चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य होगा। 47.42 करोड़ की लागत से मोतिहारी के ही नारीगिर-चंपापुर-आदापुर सड़क का 15.55 किलोमीटर चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जाएगा। जबकि 29.48 करोड़ की लागत से पूर्णिया जिले के घमदाहा से कुआरी सड़क 11.2 किमी का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य को भी शामिल किया गया है। मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं की स्वीकृति मिलने से राज्य के किसी भी कोने से 4 घंटे में राजधानी पहुंचने के विजन को साकार करने में भी मदद मिलेगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार के सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। राज्य में व्यापार और परिवहन की गति तेज होगी। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार आएगा। अगले दो सालों में इन योजनाओं को पूरा कर लिया जाएगा। विभाग की ओर से जल्द ही निविदा जारी की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




