गांव-शहर में डिजिटल विभाजन कम करने प्रयास : नीतीश
आईटी और शहरी विकास मंत्री नीतीश मिश्र ने कहा कि राज्य सरकार सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग सार्वजनिक सेवाओं में कर रही है। उन्होंने डिजिटल विभाजन को कम करने के प्रयासों पर जोर दिया। कार्यशाला में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने की बात की गई।

आईटी और शहरी विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्र ने कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक सेवाओं की आपूर्ति में सूचना प्रौद्योगिकी को एक उपकरण (टूल) के रूप में प्रयोग कर रही है। साथ ही, राज्य के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच डिजिटल विभाजन को कम करने का प्रयास भी किया जा रहा है। नीतीश मिश्र सोमवार को आद्री के तत्वावधान में ‘समान स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा: पहुंच, समानता और अंतिम छोर तक सेवा’ विषयक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आईटी क्षेत्र में निवेश करने वालों को सरकारी मदद का भरोसा दिया। कार्यशाला में समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास ने कहा कि बिहार के बच्चों की स्थिति उतनी संतोषजनक नहीं है, जितनी हम समझते हैं।
वहीं, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ नोट्रेडेम के प्रो. संतोष कुमार गौतम ने आर्थिक समृद्धि को नागरिकों की उच्च श्रम उत्पादकता और संतोषजनक संज्ञानात्मक विकास पर आधारित बताया। आद्री की सदस्य सचिव डॉ. अश्मिता गुप्ता ने कहा कि बिहार में विकास का अगला चरण मानव विकास और उसमें प्रौद्योगिकी की भूमिका पर केंद्रित होगा। इस कार्यशाला में करीब 125 विद्वान, शोधकर्ता और नीति निर्माता शामिल हुए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


