
महागठबंधन में बड़े दलों ने अंत तक सीटें नहीं बांटीं : गिरीशचंद्र
भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. गिरीशचंद्र शर्मा ने बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे में देरी के कारण महागठबंधन को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर भी फासीवादी रास्ते पर जाने का आरोप लगाया और पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. गिरीशचंद्र शर्मा ने बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार पर प्रतिक्रिया दी और आरोप लगाया कि महागठबंधन के बड़े दलों ने अंत तक सीट बंटवारा (शेयरिंग) नहीं किया। उन्होंने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में पूरी उम्मीद थी कि महागठबंधन की जीत होगी। कुछ कमियां महागठबंधन से हुई, सीट शेयरिंग अंत तक नहीं हुआ। जिस तरह से एकजुट होकर सीटों की सूची जारी होनी चाहिए थी, वह बड़े दलों की आपाधापी के कारण नहीं हो सकी। छोटे दलों ने गठबंधन में पूरा सहयोग दिया। भाकपा ने इस गठबंधन की एकता के लिए कई कुर्बानी दी।
इसके पहले उन्होंने अवर अभियंता संघ भवन में भाकपा के राज्यस्तरीय शताब्दी समारोह में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी को बिहार में मजबूत करने में जुट जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता में बैठी नरेंद्र मोदी सरकार देश को फासीवादी रास्ते पर ले जा रही है। समारोह में ही भाकपा के पूर्व महासचिव एबी बर्धन की 11वीं पुण्यतिथि पर पार्टी नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इसके पूर्व जनशक्ति भवन स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम की शुरुआत झंडोत्तोलन से हुई। झंडोत्तोलन पार्टी के वरिष्ठ नेता सह पूर्व सांसद नागेंद्र नाथ ओझा ने किया। श्री ओझा ने कहा कि हमारा पहला लक्ष्य केंद्र की सत्ता से भाजपा सरकार को हटाना है। समारोह की अध्यक्षता भाकपा के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी संघर्ष को तेज करेगी। संगठन विस्तार सुनिश्चित करते हुए पार्टी समाजवादी समाज की रचना के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ेगी। समारोह को वरिष्ठ नेता प्रो. एम. जब्बार आलम ने भी संबोधित किया। शताब्दी समारोह में प्रस्ताव राज्य सचिव मंडल सदस्य सुरेंद्र सौरभ ने पेश किया। इस मौके पर इप्टा के कलाकारों ने जनवादी गीतों की प्रस्तुति की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




