
अनुमंडल स्तर पर बिहार दिवस मनेगा, एक-एक लाख रुपये मिलेंगे
इस बार बिहार दिवस समारोह का आयोजन पटना जिले के सभी अनुमंडल मुख्यालय में होगा। इसके लिए प्रत्येक अनुमंडल को एक लाख रुपये मिलेंगे। कार्यक्रम की थीम 'उन्नत बिहार उज्जवल बिहार' रखी गई है। 22 से 24 मार्च तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित होंगे।
इस बार बिहार दिवस समारोह का आयोजन पटना जिले के सभी अनुमंडल मुख्यालय में भी होगा। इसकी तैयारी के लिए प्रत्येक अनुमंडल को एक-एक लाख की राशि मिलेगी। जिला स्तर पर इसका आयोजन गांधी मैदान में होता है। इस बार राज्य सरकार द्वारा बिहार दिवस की थीम उन्नत बिहार उज्जवल बिहार रखा गया है। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम निदेशक नवीन कुमार ने इस संबंध में पटना समेत राज्य के सभी जिलों के डीएम को पत्र लिखा है। पत्र में निदेशक ने कहा कि जिला स्तर के लिए पांच लाख और अनुमंडल स्तर के लिए एक-एक लाख रुपये बिहार शिक्षा परियोजना को आवंटित किया गया है।
मिली राशि से अनुमंडल स्तर के कार्यालयों की साफ-सफाई, रंग-रोगन के अलावा उसे नीली रोशनी से सजाने की सलाह दी गई है। अनुमंडल स्तर के टाउन हॉल, स्कूल प्रांगण अथवा खेल स्टेडियम को चिह्नित कर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है। परियोजना परिषद की ओर से तीनों दिन होनेवाले आयोजन की रूपरेखा भी तैयार कर डीएम को भेजा गया है। पहले दिन 22 मार्च को विभिन्न विभागों का स्टॉल लगाना, वहां पम्पलेट के माध्यम से राज्य सरकार की योजना की जानकारी देना, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शामिल है। दूसरे दिन 23 मार्च को स्थानीय कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति और काव्य गोष्ठी, मुशायरा का आयोजन करना है। समारोह के अंतिम दिन कलाकारों, छात्र-छात्राओं और अच्छा कार्य करनेवाले लोगों को सम्मानित करने का कार्यक्रम आयोजित होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




