
परिणाम : सक्षमता चतुर्थ में 4,932 शिक्षक अभ्यर्थी सफल
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने स्थानीय निकाय के शिक्षकों के लिए सक्षमता परीक्षा चतुर्थ का परिणाम जारी किया। कुल 14936 अभ्यर्थियों में से 4932 (33.02%) सफल हुए। पुरुष अभ्यर्थियों का सफलता प्रतिशत महिला से अधिक रहा। सक्षमता पंचम के लिए आवेदन 31 दिसंबर से 9 जनवरी तक होंगे।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बिहार बोर्ड) ने शनिवार को स्थानीय निकाय के शिक्षकों के लिए आयोजित सक्षमता परीक्षा चतुर्थ का परिणाम जारी कर दिया। कुल 14936 शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 4932(33.02%) अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने परिणाम जारी किया। अभ्यर्थी https://sakshamtabihar.com पर लॉगिन आइडी और पासवर्ड अंकित कर परिणाम देख सकते हैं। परीक्षा 24 से 27 सितंबर और 12 अक्तूबर और 22 अक्तूबर को हुई थी। सबसे अधिक अभ्यर्थी पहली से पांचवी के लिए कुल 13726 थे। इनमें से 4182 (30.47%), कक्षा 6-8 के लिए शामिल 387 में से 266 (68.73%), कक्षा 9-10 के लिए शामिल 592 में से 354 (59.80%) और कक्षा 11-12 के लिए शामिल 231 में से 130 (56.28%) शिक्षक अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है।
पुरुष शिक्षक अभ्यर्थियों की सफलता का प्रतिशत अधिक कुल 14936 शिक्षक अभ्यर्थियों में 8501 महिला और 6435 पुरुष शिक्षक अभ्यर्थी शामिल थे। इसमें पुरुष शिक्षक अभ्यर्थियों की सफलता का प्रतिशत अधिक है। कुल महिला शिक्षक अभ्यर्थियों में से 2725 (32.06%) ने सफलता हासिल की है। वहीं कुल शामिल पुरुष शिक्षक अभ्यर्थियों में से 2207 (34.30%) ने सफलता हासिल की है। मालूम हो कि परीक्षा का आयोजन पटना के बापू परीक्षा परिसर स्थित ऑनलाइन केंद्र में हुआ था। 2 घंटे 30 मिनट में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न हल करने थे। इसमें भाग-1 ,भाषा में 30 प्रश्न, भाग-2 सामान्य अध्ययन में 40 प्रश्न और भाग-3, संबंधित विषय में 80 प्रश्न पूछे गए थे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाफल पूरी तरह से औपबंधिक है। शिक्षा विभाग की ओर से सभी सफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कराई जाएगी। इसकी सूचना अलग से दी जाएगी। मालूम हो कि सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम उत्तीर्ण अंक 40%, पिछड़ा वर्ग के लिए 36.5%, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 34%, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांग एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए 32% निर्धारित है। सक्षमता पंचम के लिए आवेदन 31 दिसंबर से 9 जनवरी तक बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने सक्षमता चतुर्थ के परिणाम जारी करने के साथ ही सक्षमता पंचम के लिए आवेदन की तिथि की भी घोषणा कर दी है। आवेदन 31 दिसंबर से 9 जनवरी तक लिए जाएंगे। यह स्थानीय निकाय के शिक्षकों के लिए आयोजित होने वाली अंतिम परीक्षा होगी। परीक्षा जनवरी अंत या फरवरी होगी। अबतक 3 लाख 19 हजार 747 हुए शामिल, 2 लाख 66 हजार 786 सफल स्थानीय निकाय के शिक्षकों लिए अबतक आयोजित चार परीक्षाओं में कुल 3 लाख 19 हजार 747 शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुए है। इनमें से 2 लाख 66 हजार 786 (83.44%) शिक्षक अभ्यर्थी सफल हुए हैं। अब भी लगभग 30 हजार शिक्षक अभ्यर्थी ऐसे हैं जो इस परीक्षा में शामिल नहीं हुए हैं। मालूम हो कि बिहार बोर्ड द्वारा राज्य सरकार के आलोक में स्थानीय निकाय के शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने के लिए सक्षमता परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। सक्षमता परीक्षा कुल शामिल कुल उत्तीर्ण सक्षमता प्रथम 199027 187818 (94.37%) सक्षमता द्वितीय 81348 66143 (81.31%) सक्षमता तृतीय 24436 7893 (32.30%) सक्षमता चतुर्थ 14936 4932 (33.02%)

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




