
संसद में बिल फाड़ने वाले अब बन रहे महिलाओं के हितैषी : धर्मेंद्र प्रधान
संक्षेप: बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि एनडीए चुनाव में बड़ी बढ़त के साथ आगे है। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन में स्पष्टता नहीं है। प्रधान ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात की और नई अर्थव्यवस्था के लिए संकल्प पत्र की चर्चा की, जिससे रोजगार सृजन होगा।
बिहार भाजपा के चुनाव प्रभारी सह केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण बिल फाड़ने वाले अब महिलाओं के हितैषी बन रहे हैं। एनडीए इस चुनाव में बहुत बड़ी बढ़त के साथ आगे बढ़ चुका है और 14 नवंबर का रिजल्ट उसका प्रमाण होगा। वे मंगलवार को भाजपा मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। प्रधान ने कहा कि इस बार हमारे सामने विपक्षी गठबंधन का तालमेल वाला चेहरा नहीं है। कितनी सीट में कौन पार्टी चुनाव लड़ रहा है, कौन सीट पर गठबंधन का कौन प्रत्याशी है, इसकी कोई स्पष्टता नहीं है। नीतियों की भी स्पष्टता नहीं दिखती।

एनडीए के मुख्यमंत्री चेहरा के सवाल पर प्रधान ने कहा कि कोई वैकेंसी ही नहीं है। सबने स्पष्ट कहा है कि हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार भाजपा प्रभारी श्री प्रधान ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की घोषणा पर तंज करते हुए कहा कि महागठबंधन के लोग आसमान से चांद-तारा सब कुछ लाने का बड़बोलापन दिखा रहे हैं। उसके विकल्प में हम नीतीश सरकार की 20 वर्षों के काम की उपलब्धि और अगले पांच साल का संकल्प लेकर जनता के बीच आये हैं। भाजपा चुनाव प्रभारी ने कहा कि एनडीए सरकार बिहार को न्यू एज इकोनॉमी की ओर ले जायेगी। संकल्प पत्र में कहा गया है कि मैन्युफैक्चरिंग, फूड प्रोसेसिंग, टूरिज्म व सर्विस सेक्टर आदि में बिहार का इम्पैक्ट ग्लोबल स्तर पर है। संकल्प किया गया है कि इसके मौलिक भाग को बिहार में शुरू करेंगे। इससे नये रोजगारों का सृजन होगा। उन्होंने मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि 70 प्रतिशत मतदान जरूर करें। प्रजातंत्र में मत बड़ा हथियार है। तेजस्वी की सरकारी नौकरी की घोषणा के सवाल पर कहा कि जिस व्यक्ति पर जमीन लेकर नौकरी देने का आरोप है, उनके वायदे कितने कारगर होंगे। मौके पर विधान पार्षद डॉ. संजय मयूख, प्रदेश मंत्री संतोष रंजन राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




