
बजट सत्र : विस अध्यक्ष ने शांतिपूर्ण संचालन के लिए विपक्षी दलों से सहयोग मांगा
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बजट सत्र के शांतिपूर्ण संचालन के लिए विपक्षी दलों से सहयोग मांगा है। उन्होंने सभी दलों से सदन में सकारात्मक माहौल में चर्चा करने का आग्रह किया है। 7 फरवरी को विधानसभा भवन के स्थापना दिवस पर एक व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी दलीय नेताओं से भाग लेने की अपेक्षा की गई है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बजट सत्र के शांतिपूर्ण संचालन के लिए विपक्षी दलों से सहयोग मांगा है। उन्होंने कहा कि उनका यह प्रयास रहेगा कि स्थापित परंपराओं, नियमों एवं बिहार विधान सभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली के प्रावधानों के तहत सभी के सहयोग से सदन में सकारात्मक माहौल में चर्चा हो। व्यवस्थित ढंग से सदन चलाने में सभी दलों से सकारात्मक सहयोग प्राप्त होगा, ऐसी उनकी अपेक्षा है। प्रश्नोत्तर काल बाधित न हो, इसका ध्यान सभी को रखना है। सभी दलीय नेताओं ने सहयोग का भरोसा दिया। अध्यक्ष शुक्रवार को विधानसभा के विभिन्न दलीय नेताओं के साथ बैठक कर रहे थे।
उन्होंने दलीय नेताओं को यह जानकारी दी कि 7 फरवरी को बिहार विधान सभा भवन के स्थापना दिवस के अवसर पर सेन्ट्रल हॉल में दोनों सदनों के सदस्यों की उपस्थिति में एक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें लोकसभा अध्यक्ष, राज्यसभा के उपसभापति एवं केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री विशेष रूप से आमन्त्रित हैं। उन्होंने सभी दलीय नेताओं से अपने दल के विधायकों समेत इस कार्यक्रम में शामिल रहने का आग्रह किया। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी, विधानसभा उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विधायक आलोक कुमार मेहता, अरुण सिंह, माधव आनंद, इन्द्रजीत प्रसाद गुप्ता, सतीश कुमार सिंह यादव, कुमार सर्वजीत, डॉ. प्रकाश चंद्र, ज्योति देवी उपस्थित थीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




