
25 सोशल मीडिया हैंडल पर केस: राजद, भाजपा और कांग्रेस के अकाउंट्स पर कार्रवाई
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सोशल मीडिया पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने 25 सोशल मीडिया हैंडल्स पर 21 एफआईआर दर्ज की हैं। इसके अलावा चार यू-ट्यूब चैनलों पर भी भड़काऊ सामग्री.…
बिहार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की कड़ी निगरानी हो रही है। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की सोशल मीडिया पेट्रोलिंग सेल 24 घंटे कार्यरत है। इस सेल को मिली शिकायत के आधार पर अब तक राजद, भाजपा, कांग्रेस सहित 25 सोशल मीडिया हैंडलों पर आपत्तिनजक, भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में 21 एफआईआर दर्ज कराई गई है।

ईओयू के एडीजी नैयर हसनैन खान और डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद अब तक 25 सोशल मीडिया हैंडल्स पर प्रकाशित-प्रसारित 67 आपत्तिजनक लिंक की शिकायत पर एफआईआर हुई है। इन पर आचार संहिता के उल्लंघन, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है। इन मामलों की जांच ईओयू और विभिन्न जिलों के स्तर से की जा रही है।
भड़काऊ गीत फैलाने वाले चार यू्-ट्यूब चैनलों पर भी एफआईआर
डीआईजी एमएस ढिल्लन ने बताया कि इनके अलावा चार यू-ट्यूब चैनलों पर विभिन्न समुदायों में भय फैलाने से संबंधित सामग्री मिली हैं। चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली इन सामग्रियों के प्रसारण को लेकर इन यूट्यूब चैनलों पर एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अब तक 184 आपत्तिजनक पोस्ट या हैंडल्स या लिंक के खिलाफ सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब समेत अन्य को नोटिस भेजकर इन आपत्तिजनक पोस्टों को हटवाया या लॉक कराया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


