
एनडीए में बेहतर समन्वय, सीट बंटवारा समय पर होगा : विजय
जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि एनडीए में बेहतर समन्वय है और विधानसभा चुनाव में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने पूर्णिया से हवाई सेवा...
जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि एनडीए में बेहतर समन्वय है। बिल्कुल सौहार्दपूर्ण वातावरण में समय पर विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए घटकदलों के बीच सीटों का बंटवारा हो जाएगा। श्री चौधरी मंगलवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जन-सुनवाई कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। श्री चौधरी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण जदयू की विशेष खासियत रही है। विधानसभा चुनाव में भी महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने राजद नेताओं के दावे से जुड़े सवाल पर कहा कि किसी भी मांग पर किसी राजनीतिक दल का कॉपीराइट नहीं होता। वास्तविकता यह है कि विपक्ष निहित स्वार्थ की राजनीति के तहत झांसे में रखकर महिलाओं से आवेदन भरवाकर चुनावी लाभ उठाने का प्रयास कर रहा है, जो उनकी ठगैती नीति का परिचायक है।
वहीं दूसरी ओर, नीतीश सरकार जनकल्याण की भावना के साथ काम कर रही है। इसी माह ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्रत्येक परिवार की पात्र महिला लाभुक के खाते में दस हजार रुपये की पहली किस्त हस्तांतरित की जाएगी। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि 15 सितंबर से पूर्णिया से हवाई सेवा का शुभारंभ होने जा रहा है, जिसको लेकर पूरे सीमांचल की जनता में खुशी और उत्साह का वातावरण है। पूर्णिया एयरपोर्ट के संचालन से न केवल क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी, बल्कि स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। मौके पर विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, प्रदेश उपाध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह और प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी भी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




