
सम्राट, विजय और तेजस्वी सहित कई बड़े नेताओं की सीट पर पहले चरण में फैसला
पहले चरण के चुनाव का प्रचार मंगलवार को समाप्त हो गया है और मतदान गुरुवार को होगा। इस चरण में बिहार के कई प्रमुख नेताओं जैसे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, तेजस्वी यादव और 14 मंत्रियों की किस्मत का फैसला होगा। 121 सीटों पर मतदान होगा जिसमें कई चर्चित चेहरे भी शामिल हैं।
पहले चरण के चुनाव का प्रचार मंगलवार को समाप्त हो गया। गुरुवार को मतदान होगा। पहले चरण में बिहार की राजनीति के कई नामचीन नेताओं के भाग्य का फैसला होगा। राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ ही महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव की किस्मत का फैसला पहले चरण के चुनाव में ही होना है। सरकार में शामिल 14 मंत्री भी पहले चरण में उम्मीदवार हैं। पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर के 121 सीटों पर मतदान होना है।

इसमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर तो विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से चुनावी मैदान में हैं। जबकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव राघोपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव आलमनगर से चुनाव लड़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सीवान से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी से है। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी सरायरंजन से चुनावी मैदान में हैं। मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री रत्नेश सदा सोनबरसा से चुनाव लड़ रहे हैं। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी दरभंगा तो समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी बहादुरपुर, नगर विकास मंत्री जिवेश कुमार जाले से दो-दो हाथ कर रहे हैं। पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता कुढ़नी तो पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह साहेबगंज से चुनावी मैदान में हैं। आईटी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू अमनौर तो सूचना एवं जनसम्पर्क मंत्री महेश्वर हजारी कल्याणपुर से चुनावी मैदान में हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार बिहारशरीफ तो ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार नालंदा से चुनावी मैदान में हैं। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भोरे से जबकि पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन बांकीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। तीन दलों के प्रदेश अध्यक्ष का होगा फैसला : सत्ताधारी दल जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा महनार तो रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी पारू से चुनाव लड़ रहे हैं। आईआईपी के अध्यक्ष इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता सहरसा से चुनाव लड़ रहे हैं। सत्ताधारी या विपक्षी खेमे में सरकार में शामिल रहे एक दर्जन से अधिक पूर्व मंत्रियों के किस्मत का फैसला भी पहले चरण में होगा। इनमें आलोक रंजन झा सहरसा, ललित कुमार यादव दरभंगा ग्रामीण, इसरायल मंसूरी कांटी, आलोक कुमार मेहता उजियारपुर, रेणु देवी बिहारीगंज से, प्रो चंद्रशेखर मधेपुरा से, हरिनारायण सिंह हरनौत, रामानंद यादव फतुहा, श्याम रजक फुलवारी, राघवेन्द्र प्रताप सिंह बड़हरा, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा जगदीशपुर, संतोष कुमार निराला राजपुर से चुनावी मैदान में हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव दानापुर से चुनाव लड़ रहे हैं। कई चर्चित चेहरों का भी होगा फैसला : पहले चरण में कई चर्चित चेहरों के भाग्य का फैसला भी होगा। इसमें बक्सर से पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा, परसा से पूर्व सीएम दारोगा राय की पोती डॉ. करिश्मा राय, लालगंज से पूर्व विधायक अनु शुक्ला व मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला, छपरा से भोजपुरी फिल्मों के ट्रेंडिंग स्टार कहे जाने वाले शत्रुघ्न कुमार उर्फ खेसारी लाल यादव, अलीनगर से चर्चित लोकगायिका मैथिली ठाकुर, सीवान से पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब और राजद के बाहुबली विधायक रीतलाल यादव दानापुर तो अनंत सिंह मोकामा से चुनावी मैदान में हैं जहां उनका मुकाबला पूर्व सांसद वीणा देवी से है। एकमा से धूमल सिंह तो अमरेन्द्र पांडेय कुचायकोट से चुनावी मैदान में हैं। वैशाली की सांसद वीणा सिंह की बेटी कोमल सिंह गायघाट से चुनावी मैदान में हैं। तेज प्रताप का चुनाव भी पहले चरण में : पहले चरण में महुआ में भी चुनाव होना है जहां पार्टी और परिवार से निकाले गए लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव, राजद के मुकेश रौशन और लोजपाआर के संजय कुमार सिंह के बीच त्रि-कोणीय मुकाबला है। बछवाड़ा भी पहले चरण में ही है जहां भाजपा के साथ ही महागठबंधन के दो घटक दल कांग्रेस के शिव प्रकाश गरीब दास और सीपीआई के अवधेश कुमार राय के बीच मुकाबला है। पूर्व डीजीपी बीके रवि रोसड़ा से चुनावी मैदान में हैं। पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद औराई से तो केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के भांजे सीमांत मृणाल गरखा से चुनावी मैदान में हैं। माकपा के विधायक दल के नेता अजय कुमार विभूतिपुर से चुनावी मैदान में हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




