अटल-मार्ग पर चलने को प्रतिबद्ध है डबल इंजन सरकार : विजय सिन्हा
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनके शताब्दी वर्ष में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी की पारदर्शिता और प्रगति के लिए नीतियों ने देश में बहुमुखी विकास संभव किया।...

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी शताब्दी वर्ष में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने मंगलवार को याद किया। उन्होंने कहा कि अटलजी पारदर्शिता के साथ प्रगति में विश्वास रखते थे। इसलिए उनके दौर में किसी अनियमितता के आरोप के बिना देश में बहुमुखी विकास हुआ। ग्राम सड़क योजना, हाइवेज एवं वाटरवेज जैसी बुनियादी ढांचों के विकास से लेकर प्राथमिक शिक्षा, लोक स्वास्थ्य स्वास्थ्य के विस्तार जैसे कामों की आज भी मिसाल दी जाती है। उनके दौर में ही देश में लगातार करीब 8 प्रतिशत की दर से विकास संभव हो पाया था। इसके अलावा टेलीकॉम, आईटी और स्पेस सहित सुरक्षा और विदेश संबंधों से जुड़े उनके नीतिगत पहल आज भी हमारा मार्गदर्शन करते हैं। वास्तव में अटल जी पारदर्शिता के साथ प्रगति के पैरोकार थे। इसलिए उनकी कार्यशैली सुशासन की प्रतीक मानी गई। अटल जी की प्रेरणा से आज केन्द्र और राज्य की हमारी डबल इंजन सरकार सुशासन को धरातल पर उतारने में जुटी है। मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के विगत दस वर्षों के काम ने यह सिद्ध किया है कि जिन्हें कोई पूछता नहीं था आज पूजा जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में भी डेढ़ दशकों के एनडीए के शासन में सूबे ने लगातार दहाई अंक की विकास दर को बरकरार रखा है। 2005 से अब तक बुनियादी ढांचे से लेकर सामाजिक क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों के लिए हम देश और दुनिया में सराहे गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।