
आर्यभट्ट टैलेंट सर्च टेस्ट में छात्रों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
आर्यभट्ट टैलेंट सर्च टेस्ट इन मैथमेटिक्स एंड साइंस 2026 प्रतियोगिता में कक्षा 6 से स्नातकोत्तर स्तर के छात्रों की सहभागिता बढ़ाने के लिए ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। आवेदन की अंतिम तिथि 10 फरवरी है और पंजीकरण निःशुल्क है। यह परीक्षा दो स्तरों में आयोजित की जाएगी, जिसमें बहुविकल्पीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल हैं।
अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित होने वाली आर्यभट्ट टैलेंट सर्च टेस्ट इन मैथमेटिक्स एंड साइंस 2026 प्रतियोगिता परीक्षा में छात्रों की सहभागिता बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके तहत गुरुवार को इंडियन मैथमेटिक्स एंड साइंस एसोसिएशन के तत्वावधान में पटना जिले के शिक्षकों के साथ ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं नालंदा खुला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. केसी सिन्हा ने बताया कि यह प्रतियोगिता कक्षा 6 से 12 तक के साथ स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के छात्रों के लिए है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का स्क्रीनिंग टेस्ट में भाग लेने के लिए छात्र वेबसाइट www.imsaindia.org पर 10 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पंजीकरण के लिए कोई शुल्क नहीं है। एसोसिएशन के सचिव डॉ. विजय कुमार ने बताया कि अधिक भागीदारी के लिए सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों, केंद्रीय विद्यालय संगठन, सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय पटना, नवोदय विद्यालय समिति पटना जोन के उपायुक्त और डीएवी पब्लिक स्कूल के क्षेत्रीय पदाधिकारी और प्राचार्यों को पत्र भेजा गया है। पटना जिला संयोजक डॉ. आशुतोष कुमार श्रीवास्तव ने प्रतियोगिता के प्रारूप के बारे में बताते हुए कहा कि यह परीक्षा गणित एवं विज्ञान विषयों के लिए दो स्तरों में आयोजित की जाएगी। प्रथम स्तर में 25 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिसके लिए 60 मिनट का समय निर्धारित है। प्रथम स्तर में चयनित छात्र-छात्राएं ही द्वितीय स्तर में दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों वाली परीक्षा में शामिल होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




