आर्यभट्ट प्रतिभा खोज परीक्षा के लिए एक लाख छात्रों ने किया पंजीयन
आर्यभट्ट टैलेंट सर्च टेस्ट इन मैथमेटिक्स एंड साइंस 2026 में 6वीं से 12वीं तक के छात्र और स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों के लिए उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 103000 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य गणित और विज्ञान को लोकप्रिय बनाना है।

द इंडियन मैथमेटिक्स एंड साइंस एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित आर्यभट्ट टैलेंट सर्च टेस्ट इन मैथमेटिक्स एंड साइंस प्रतियोगिता 2026 के लिए विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। छठी से 12वीं तक के स्कूली छात्रों के साथ स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए देशभर से अब तक कुल 103000 विद्यार्थी पंजीयन करा चुके हैं। इच्छुक विद्यार्थी 16 मार्च 2026 तक www.imsaindia.org पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसमें भाग लेने के लिए छात्रों से किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। संगठन के सचिव डॉ. विजय कुमार ने बताया कि पंजीयन कराने वाले छात्रों में गणित विषय के लिए 54 हजार, जबकि विज्ञान विषय के लिए 49 हजार छात्र शामिल हैं।
बताया कि सबसे अधिक पंजीकरण बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा, तमिलनाडु और ओडिशा राज्यों से हुए हैं।यह प्रतियोगिता दो चरणों में होगी, जिसमें पहले बहुविकल्पीय ऑनलाइन स्क्रीनिंग टेस्ट होगा और उसके बाद मुख्य परीक्षा होगी। संगठन के अध्यक्ष प्रो. केसी सिन्हा ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य लक्ष्य छात्रों के बीच गणित और विज्ञान विषयों को लोकप्रिय बनाना व इन विषयों के प्रति उनकी अभिरुचि को विकसित करना है। बताया कि इस परीक्षा में चयनित होने वाले प्रतिभावान छात्रों को न केवल पुरस्कृत किया जाएगा, बल्कि उन्हें विशेष प्रशिक्षण देने की भी योजना है, ताकि उनकी प्रतिभा को और निखारा जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


