
अधिवक्ता कोटे से हाईकोर्ट जज बने अंशुल राज
पटना हाईकोर्ट के वकील अंशुल राज ने मंगलवार को हाईकोर्ट के जज की शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अंशुल राज का जन्म 1971 में हुआ और उन्होंने मगध विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री प्राप्त की। वे पहले सरकारी वकील भी रह चुके हैं।
पटना हाईकोर्ट के वकील अंशुल उर्फ अंशुल राज ने मंगलवार को हाईकोर्ट के जज की शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू ने हाईकोर्ट के नये भवन में स्थित शताब्दी हॉल में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मौके पर नये जज के परिजनों के अलावा हाईकोर्ट के सभी जज, महाधिवक्ता पीके शाही, कई सेवानिवृत्त जज, बिहार स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष रमाकांत शर्मा, केंद्र सरकार के एडिशन सॉलिसिटर जनरल डॉ. केएन सिंह, सुप्रीम कोर्ट के एक दर्जन से ज्यादा अधिवक्ता गण, हाईकोर्ट के तीनों अधिवक्ता संघों के अध्यक्ष व महासचिव, भारी संख्या में अधिवक्तागण और हाईकोर्ट रजिस्ट्री के अधिकारीगण उपस्थित थे।
केंद्रीय कानून मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जज के पद पर अंशुल राज की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई थी। इसके बाद राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने नये जज को हाईकोर्ट में शपथ दिलाने के लिए मुख्य न्यायाधीश को अधिकृत किया। न्यायमूर्ति अंशुल राज का जन्म 1971 में हुआ। इनकी प्रारंभिक शिक्षा पटना में ही हुई। सर गणेश दत्त पाटलिपुत्र हाई स्कूल से मैट्रिक पास करने के बाद पटना साइंस कॉलेज से विज्ञान से इंटर और पीयू से स्नातक करने के बाद मगध विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री ली। वर्ष 2003 में सुप्रीम कोर्ट में सेवानिवृत्त कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति नागेंद्र रॉय के अधीन वकालत पेशा की शुरुआत की। कुछ समय बाद वापस पटना हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने लगे। कुछ समय तक सरकारी वकील अरबिंद उज्ज्वल के साथ काम किया। फिर बिहार सरकार ने हाईकोर्ट में राज्य सरकार का पक्ष रखने के लिए सरकारी वकील नियुक्त किया। दिसंबर 2024 में हाईकोर्ट ने उन्हें वरीय अधिवक्ता बनाये जाने की अधिसूचना जारी की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




