
विधायक आलोक कुमार सिंह रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष बने
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है। उपेन्द्र कुशवाहा ने इस घोषणा की। प्रशांत पंकज, सुभाष चंद्रवंशी और हिमांशु पटेल को भी नई भूमिकाएं दी गईं। पार्टी में नाराजगी के बीच, कुशवाहा ने विशेष सदस्यता अभियान की भी घोषणा की।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी विधायक आलोक कुमार सिंह को दी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने शुक्रवार को यह घोषणा की। शुक्रवार को स्थानीय होटल में उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रशांत पंकज और सुभाष चंद्रवंशी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और हिमांशु पटेल प्रदेश महासचिव बनाये गये हैं। अब तक पार्टी के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे मदन चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संगठन बनाया गया है। माना जा रहा है कि रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने पार्टी को एकसूत्र में बांधे रखने के लिए दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
उपेन्द्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाये जाने से नाराज चल रहे रालोमो से बाजपट्टी के विधायक रामेश्वर महतो इस कार्यक्रम में भी नहीं दिखे। इसी मामले पर नाराजगी जाहिर कर चुके विधायक माधव आनंद लंबे अर्से के बाद पार्टी के इस कार्यक्रम में मौजूद रहे। क्या पार्टी में डैमेज कंट्रोल के तहत आलोक कुमार सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है? इस सवाल पर उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि उनको भी मीडिया के माध्यम से ही विधायकों की नाराजगी की सूचना मिलती रहती है। कुशवाहा ने कहा कि जल्द ही पार्टी का विशेष सदस्यता अभियान चलेगा। इसके बाद पंचायत से लेकर राष्ट्रीय स्तर की कमेटी गठित होगी। उन्होंने कहा कि बिहार और केंद्र सरकार का बजट आने वाला है। दोनों बजटों से बिहार को काफी उम्मीदें हैं। दोनों सरकारें बिहार की उम्मीदों को पूरा करेगी। मौके पर पार्टी नेता रामपुकार सिन्हा आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




