न्यूरो सर्जरी में एम्स पटना का नाम लिम्बा बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ
एम्स पटना ने न्यूरो सर्जरी में लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराया है। डॉ. सरोज कुमार सिंह और उनकी टीम ने 29 वर्षीय मरीज पर 830 ग्राम वजन के स्कल बोन ट्यूमर की सफल सर्जरी की। यह सर्जरी 21 फरवरी 2024 को हुई, जिसमें लगभग सात घंटे 45 मिनट लगे। यह उपलब्धि बिहार के लिए गर्व का विषय है।

एम्स पटना का नाम न्यूरो सर्जरी में लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है। इसकी जानकारी एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने बुधवार को दी। उन्होंने बताया कि न्यूरो सर्जरी विभाग के अतिरिक्त प्राध्यापक डॉ. सरोज कुमार सिंह और उनकी टीम ने देश में अब तक की सबसे बड़ी स्कल बोन ट्यूमर सर्जरी (खोपड़ी की हड्डी के ट्यूमर का ऑपरेशन) की है। यह एक ऐतिहासिक सर्जरी है। लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज यह उपलब्धि न केवल एम्स पटना बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि एम्स पटना लगातार उन्नत और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि यह जटिल सर्जरी एम्स पटना में 29 वर्षीय पुरुष मरीज पर की गयी है। उसके सिर में लगभग 830 ग्राम वजन का स्कल बोन ट्यूमर था। सर्जरी 21 फरवरी 2024 को लगभग सात घंटे 45 मिनट तक चली थी। उन्होंने बताया कि ट्यूमर का असाधारण आकार और वजन इस सर्जरी को अत्यंत संवेदनशील और तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण बना रहा था। अत्याधुनिक तकनीक, सूक्ष्म योजना तथा बहु विषयक चिकित्सकीय विशेषज्ञता के कारण इस दुर्लभ ऑपरेशन को सफल बनाया जा सका। इस उपलब्धि से एम्स पटना ने पूर्वी भारत में उन्नत न्यूरोसर्जरी सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान और मजबूत की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


