बिहार के 1180 शिवालयों में ‘भव्य काशी-दिव्य काशी का हुआ प्रसारण
‘भव्य काशी-दिव्य काशी कार्यक्रम के तहत बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किये गये लोकार्पण कार्यक्रम से बिहार भी जुड़ा...
‘भव्य काशी-दिव्य काशी कार्यक्रम के तहत बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किये गये लोकार्पण कार्यक्रम से बिहार भी जुड़ा रहा। बिहार भाजपा के संगठनात्मक 1100 मंडलों के 1180 शिवालयों में एलईडी पर सीधा प्रसारण के माध्यम से बिहार की जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन किया। 1180 शिवालयों में भाजपा संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, बिहार सरकार के मंत्री, भाजपा विधायक, विधान पार्षद, भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों ने उपस्थित होकर पूजा-अर्चना की।
राजधानी पटना के खाजपुरा शिव मंदिर प्रांगण में लोकार्पण कार्यक्रम देखा गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, बिहार के मंत्री मंगल पाण्डेय, दीघा विधायक संजीव चौरसिया, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अशोक भट्ट, राजू झा, राजीव मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित थे। संजीव चौरसिया ने कहा, 22 जगहों पर एलईडी लगाकर कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। वहीं बांकीपुर विधानसभा अंतर्गत मंत्री नितीन नवीन द्वारा बोरिंग रोड चौराहा स्थित शिवालय में रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद एलईडी के माध्यम से 10 मंडलों में कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, पटना भाजपा महानगर के अध्यक्ष अभिषेक कुमार के अलावा सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
आनेवाली पीढ़ियां सदियों तक इसे याद रखेंगी : चौबे
केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि आने वाली पीढ़ियां सदियों तक इस दिन को याद रखेंगी। मंगल पाण्डेय ने कहा कि आज गौरव का दिन है। भारतवासियों के लिए आज का दिन और एक-एक पल ऐतिहासिक है। काशी में कुछ विदेशी आक्रमणकारियों ने हमारी प्राचीन पहचान को मिटाने का प्रयास किया। वह पहचान फिर से भव्य स्वरूप में प्रधानमंत्री ने स्थापित किया है। मंत्री नितीन नवीन ने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत को आज प्रधानमंत्री ने पुनः जीवित किया। अयोध्या के बाद काशी का पुनर्निर्माण कर देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को सम्मानित करने का काम किया।
