मतगणना स्थल पर निर्बाध बिजली रहेगी, एंबुलेंस-फायर ब्रिगेड की तैनाती होगी

मतगणना स्थल पर निर्बाध बिजली रहेगी, एंबुलेंस-फायर ब्रिगेड की तैनाती होगी

संक्षेप:

एएन कॉलेज में मतगणना स्थल पर 24 घंटे बिजली, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की व्यवस्था होगी। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने समीक्षा में कहा कि यातायात व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। मतगणना स्वतंत्र और पारदर्शी होगी, इसके लिए सभी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

Nov 10, 2025 03:54 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पटना
share

एएन कॉलेज स्थित वज्रगृह सह मतगणना स्थल पर 24 घंटे निर्बाध बिजली रहेगी। मतगणना के दिन वहां एंबुलेंस, मेडिकल टीम, फायर ब्रिगेड की टीम की मौजूदगी भी रहेगी। मतगणना स्थल के कारण नागरिकों को आने-जाने में कठिनाई ना हो इसके लिए यातायात व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। ये बातें डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने रविवार को स्ट्रॉन्ग रूम व मतगणना स्थल से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा के बाद कहीं। यह समीक्षा उन्होंने पदाधिकारियों संग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी की ओर से अधिकारियों को मतगणना दिवस के दिन नियंत्रण कक्ष पूरी तरह से क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

डीएम ने विभिन्न काउंटरों, मतगणना कक्षों, बैरिकेडिंग, हेल्पडेस्क, ड्रॉप गेट इत्यादि की तैयारी में प्रगति की समीक्षा की तथा कई जरूरी निर्देश दिया। अधिकारियों को एएन कॉलेज में समुचित संख्या में हेल्पडेस्क तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रकाश की उत्कृष्ट व्यवस्था रहनी चाहिए। पदाधिकारियों को समुचित संख्या में उपयुक्त स्थानों पर ड्रॉप गेट का निर्माण करने का निर्देश दिया गया। कहा कि मतगणना भी स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मानकों के अनुरूप दायित्वों का निर्वहन करेंगे।