सम्राट कैबिनेट के शपथ ग्रहण में बारिश का खलल या साफ आसमान? मौसम विभाग का रात में रेड अलर्ट

May 06, 2026 11:03 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

मौसम विभाग ने पटना में बुधवार देर रात को आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात का रेड अलर्ट जारी किया है। गुरुवार दोपहर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में बारिश खलल डालेगी, या आसमान साफ रहेगा, इस पर मौसम विभाग का क्या कहना है?

सम्राट कैबिनेट के शपथ ग्रहण में बारिश का खलल या साफ आसमान? मौसम विभाग का रात में रेड अलर्ट

Patna Weather: बिहार में सम्राट चौधरी का कैबिनेट विस्तार गुरुवार 7 मई को होने जा रहा है। पटना के गांधी मैदान में दोपहर 12 बजे बाद शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इसको लेकर गांधी मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बुधवार को बारिश की वजह से शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों में बाधा आई थी। मौसम विभाग ने तात्कालिक अलर्ट जारी कर पटना जिले में देर रात तक आंधी, बारिश और वज्रपात का रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इससे प्रशासनिक अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। गुरुवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भी मौसम खेल ना बिगाड़ दे, यह चिंता सताने लगी है।

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार रात को तात्कालिक पूर्वानुमान जारी कर देर रात तक 9 जिलों में वज्रपात, आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई। पटना जिले के दानापुर-खगौल, नौबतपुर, पटना ग्रामीण, पुनपुन, फतुहा, फुलवारी, बिहटा, मनेर और संपतचक प्रखंड में मौसम बिगड़े रहने के आसार हैं। इसके अलावा, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सारण और सीतामढ़ी जिले में भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।

Patna, Bihar, India -May.06, 2026: A view of waterlogged rain water due to heavy rain falling at Gandhi Maidan where Prime Minister Narendra Modi will visit for Bihar cabinet ministers oath ceremony function, in Patna, Bihar, India, Wednesday,May,06, 2026.(Photo by Santosh Kumar/ Hindustan Times)

राजधानी पटना में बुधवार दोपहर को भी कुछ देर के लिए मौसम बिगड़ा था। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश की वजह से गांधी मैदान में कई जगहों पर जलजमाव हो गया था। इससे प्रशासन को शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों में परेशानी हुई। पटना नगर निगम की मशीनरी और दर्जनों श्रमिक देर शाम तक गांधी मैदान में जमा पानी को निकालने की मशक्कत करते रहे। अब रात में फिर से बारिश हुई तो फिर से जलजमाव हो जाएगा। साथ ही आंधी चलने से पंडाल को भी नुकसान पहुंच सकता है। प्रशासनिक अधिकारी और कर्मी गांधी मैदान में डटे हैं और तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।

शपथ ग्रहण के दौरान कैसा रहेगा पटना का मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी पटना में गुरुवार को बारिश के आसार कम हैं। 7 मई को पटना में हल्के बादल छाए रहेंगे, फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, बिहार के अन्य कुछ जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी है। ऐसे में पटना में भी अचानक मौसम बिगड़ने की आशंका बनी रह सकती है।

गुरुवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वीवीआईपी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पटना पहुंचेंगे। मौसम खराब रहने पर हवाई जहाज की लैंडिंग में परेशानी आ सकती है। इसलिए भी मौसम का साफ रहना जरूरी है।

वाटरप्रूफ पंडाल में बैठ सकेंगे 20 हजार लोग

गांधी मैदान में गुरुवार को एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह होगा। 20 हजार आदमी के बैठने के लिए पंडाल बनाए गए हैं। एक मुख्य और तीन वीवीआईपी-वीआईपी पंडालों में पंखा-कूलर लगाए गए हैं। इसके लिए जेनरेटर भी मैदान में लगाया गया है। बरसात के मौसम को देखते हुए सभी पंडाल वाटरप्रूफ बनाए गए हैं।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से दोपहर 12:10 बजे से फेसबुक, एक्स और यूट्यूब जैसे सोशल साइटों पर शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण करने की व्यवस्था की गई है। जो लोग इस समारोह में शामिल नहीं होंगे वे चाहें तो अपने मोबाइल पर इसे लाइव देख सकते हैं।

आम लोगों के प्रवेश के लिए 6 गेट

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए गांधी मैदान में आम लोग गेट संख्या 5, 6, 7, 8, 9 और 10 से प्रवेश कर सकेंगे। वहीं मीडियाकर्मियों का प्रवेश गेट संख्या 11 से होगा। जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को गांधी मैदान में प्रवेश और इससे संबंधित पार्किंग योजना की जानकारी साझा की है। किसी भी आपात स्थिति के लिए जिला कंट्रोल रूम का नंबर दिन-रात संचालित रहेगा।

सीएम ने लिया तैयारियों का जायजा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार शाम में गांधी मैदान पहुंचे। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए।

अमित शाह पहुंचे पटना, सम्राट के साथ हनुमान मंदिर में की पूजा

सम्राट कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार रात पटना पहुंच गए। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पटना आए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत प्रदेश भाजपा के वरीय नेताओं ने उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया। रात में शाह, नितिन और सीएम सम्राट राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा एवं आरती की।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।