पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव की वोटिंग आज, देर रात आएगा रिजल्ट; कैंपस में फोर्स तैनात
पटना यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। दोपहर तक मतदान के बाद शाम में मतगणना भी शुरू हो जाएगी। देर रात तक रिजल्ट आने की संभावना है। छात्र संघ चुनाव को देखते हुए कैंपस में भारी पुलिस फोर्स की तैनाती रहेगी।

Patna News: पटना विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव शनिवार को होगा। इसकी तैयारी पूरी हो गई है।10 कॉलेजों और 4 संकायों में मतदान के लिए 41 बूथ बनाए गए हैं। सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक मतदान होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रो. शंकर कुमार ने कहा कि मतदान के लिए आई-कार्ड और पेन साथ लाना होगा। मतगणना शाम को शुरू होगी, चुनाव परिणाम देर रात तक आएगा। सुरक्षा की दृष्टि से मतगणना स्थलों पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहेगी।
पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव की तैयारी पूरी हो गई है। यूनिवर्सिटी की ओर से सभी बूथों पर बैलेट बॉक्स पहुंचा दिए गए हैं। चुनाव में कुल 19743 मतदाता हैं, इनमें 12 हजार छात्राएं हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रो. शंकर कुमार ने कहा कि मतदान के लिए विद्यार्थियों को अपना आई-कार्ड और पेन साथ लाना होगा।
उन्होंने बताया कि जिन विद्यार्थियों का नाम मतदाता सूची में है लेकिन विश्वविद्यालय की ओर से उनका आई-कार्ड नहीं बनाया गया है, वे विभागाध्यक्ष से संपर्क कर अस्थायी फोटोयुक्त आई-कार्ड प्राप्त करें और उसे आधार कार्ड के साथ लेकर आएं। कॉलेजों और संकायों के कई बूथों के आसपास संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
पुलिस फोर्स तैनात, सिक्योरिटी टाइट
सेंटर और बूथों पर विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में सभी 14 निर्वाचन क्षेत्रों के 41 मतदान केंद्रों पर पुलिस फोर्स, क्विक फोर्स और मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी गई है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से मतदान में हिस्सा लेने की अपील की है।
सभी बूथों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान के लिए हर पद के लिए अलग-अलग रंग के बैलेट पेपर होंगे। मतदाताओं को बैलेट पेपर पर ब्लू या ब्लैक पेन से प्रत्याशी के नाम के आगे बॉक्स में क्रॉस का चिह्न लगाकर ही बैलेट पेपर को बैलेट बॉक्स में डालना होगा। मतदान के बाद बैलेट बॉक्स को प्रत्याशी या उनके प्रतिनिधि के सामने सील कर कला एवं शिल्प महाविद्यालय में मतगणना स्थल भेजा जाएगा।
शाम 5 बजे के बाद होगी मतगणना
मतदान के बाद शाम पांच बजे से मतपत्रों की गिनती शुरू होगी। चुनाव की काउंटिंग छह राउंड में होगी। सेंट्रल पैनल के लिए होने वाली काउंटिंग भी छह राउंड में आयोजित की जाएगी। सेंट्रल पैनल के हर पद की मतगणना के लिए अलग-अलग कमरे चिह्नित किए गए हैं। प्रत्येक राउंड समाप्त होने के बाद सेंट्रल पैनल के लिए परिणाम की घोषणा की जाएगी।
शुक्रवार को विवि की कुलपति प्रो. नमिता सिंह ने मतदान केंद्र और मतगणना स्थल आर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण किया। उनके साथ संकायाध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो. योगेंद्र कुमार वर्मा और विधि पदाधिकारी डॉ. वीरेंद्र पासवान मौजूद रहे।
कुलपति ने कहा कि नियम और परिनियम के तहत भयमुक्त वातावरण और शांतिपूर्ण- सौहार्दपूर्ण तरीके से छात्रसंघ चुनाव सत्र 25-26 का चुनाव कराना विश्वविद्यालय प्रशासन का मुख्य लक्ष्य है।
विद्यार्थी परिषद ने घोषणा पत्र जारी किया
एबीवीपी ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर घोषणा पत्र जारी किया। राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि हमारा यह घोषणा पत्र केवल वादों का दस्तावेज नहीं बल्कि पीयू को बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाने का संकल्प पत्र है। इधर, प्रदेश राजद कार्यालय में भी शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कुमार राय की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में चुनाव में छात्र राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने की अपील छात्रों से की गई।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें


