पटना के स्कूलों में 14 नवंबर को छुट्टी, बंद रहेंगे बोरिंग रोड समेत ये रास्ते; देखें ट्रैफिक एडवाइजरी

पटना के स्कूलों में 14 नवंबर को छुट्टी, बंद रहेंगे बोरिंग रोड समेत ये रास्ते; देखें ट्रैफिक एडवाइजरी

संक्षेप:

बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान सुरक्षा कारणों के चलते पटना जिले में 12वीं तक के सभी स्कूल शुक्रवार 14 नवंबर को बंद रहेंगे। वहीं, बोरिंग रोड, एएन कॉलेज की ओर वाहनों के परिचालन में भी बदलाव किया गया है।

Nov 13, 2025 03:08 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना के चलते 14 नवंबर शुक्रवार को पटना जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। जिला प्रशासन ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है। वहीं, पटना शहर में मतगणना केंद्र एएन कॉलेज तक आने वाले रास्तों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। पटना ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में विस्तृत एडवाइजरी जारी की है, जिसमें बोरिंग रोड समेत अन्य रास्तों में गाड़ियां ले जाने पर रोक रहेगी। इसलिए बिहार चुनाव नतीजे वाले दिन घर से बाहर निकलने से पहले पटनावासी यह एडवाइजरी जरूर पढ़ लें।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।
  • बोरिंग रोड चौराहा से एएन कॉलेज की ओर, मोहिनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग, बोरिंग रोड में पानी टंकी मोड़ से एएन कॉलेज की ओर सभी तरह के सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस अवधि में सामान्य वाहनचालक अन्य वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • बोरिंग रोड में राजापुर पुल से हड़ताली चौक/बेली रोड तक बोरिंग रोड क्रॉसिंग के मार्ग में व्यावसायिक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह, पाटलिपुत्र गोलंबर से एएन कॉलेज/पानी टंकी की ओर सभी तरह के व्यावसायिक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में कमर्शियल वाहनों को अन्य वैकल्पिक मार्ग से आना-जाना होगा।
  • शिवपुरी रेलवे क्रासिंग से एएन कॉलेज (दुर्गा मंदिर) मोड़ तक सामान्य वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
  • मतगणना अभिकर्त्ता (काउंटिंग एजेंट) के वाहन बेली रोड से हड़ताली चौक होते हुए दीघा आर ब्लॉक नई पथ (अटल पथ) होकर एएन कॉलेज के पीछे तक आएंगे। इनकी पार्किंग अटल पथ के किनारे एक लेन में होगी। वहां से सभी एजेंट पैदल एएन कॉलेज तक जाएंगे।
  • कुर्जी मोड़/पाटलिपुत्र गोलंबर से आने वाले काउंटिंग एजेंट के वाहनों की पार्किंग सहयोग हास्पिटल (पाटलिपुत्र) के सामने खाली मैदान में होगी। वहीं से एजेंट पैदल सेंटर तक आएंगे। उनकी गाड़ियों के राजापुर पुल/पाटलिपुत्र गोलंबर/बेली बोरिंग रोड/हड़ताली मोड़ से बोरिंग रोड में आने पर रोक रहेगी।
  • बेली बोरिंग रोड/हड़ताली से आने वाले उम्मीदवारों के वाहन बोरिंग रोड में तपस्या मोड़ तक ही आएंगे। यहां से प्रत्याशियों को एएन कॉलेज तक पैदल आना होगा। उनकी गाड़ियां तपस्या मोड़ से सहदेव महतो मार्ग में पार्क करवाई जाएंगी अथवा तपस्या मोड़ से मोहिनी मोड़ होते हुए लोहियाचक पथ नीचे से दरोगा राय पथ में किनारे फ्लैक में पार्क होंगी।
  • इसी प्रकार पाटलिपुत्र/कुर्जी की ओर से आने वाले प्रत्याशियों के वाहन पानी टंकी मोड़ तक ही आएंगे। वहां से उन्हें एएन कॉलेज तक पैदल जाना होगा। इन वाहनों की पार्किंग अटल पथ पर सड़क के किनारे एक लेन में होगी।
  • मीडिया के ओबी वैन एएन कॉलेज के बाहर सड़क के किनारे पार्क की जाएंगी।

पटना जिले के सभी स्कूलों में 14 तारीख को अवकाश

पटना के डीएम की ओर से गुरुवार को जारी आदेश में कहा गया कि बिहार विधानसभा चुनाव की 14 सीटों पर शुक्रवार को मतगणना होनी है। इस कारण यातायात प्रबंधन, लोक सुविधा एवं जनहित के दृष्टिकोण से पटना जिला के सभी विद्यालयों में 14 नवंबर को 12वीं कक्षा तक पठन-पाठन स्थगित रहेगा।

चुनाव नतीजों को लेकर पटना में सुरक्षा कड़ी, चप्पे-चप्पे पर निगरानी

राजधानी के सभी चौक चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। मतगणना के दौरान केंद्र के बाहर कोई उपद्रव नहीं करे, इसलिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हैं। मतगणना स्थल पर चार एसपी समेत 8 डीएसपी एवं 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एएन कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर शुक्रवार सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat
राजनीतिक, सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन और अपराध जैसे विषयों पर लिखना पसंद है। मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं, अभी बिहार कवर कर रहे हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे-2-न्यूज, टाइम्स ऑफ इंडिया जैसे संस्थानों में काम कर चुके हैं। समाचार के अलावा साहित्य पठन-लेखन में भी रुचि है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।