पटना: नीट छात्रा के परिजनों को मिलेगी पुलिस सुरक्षा, जान से मारने की धमकी के बाद ऐक्शन

Feb 17, 2026 02:46 pm ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, पटना
share

फॉरेंसिक की बायोलाजिकल जांच में छात्रा की अंत:वस्त्र पर पुरुष के स्पर्म की पुष्टि होने पर एसआइटी ने गांव के भी एक दर्जन से ज्यादा लोगों का डीएनए जांच के लिए सैंपल लिया था। इस मामले में न्याय की मांग को लेकर आठ फरवरी को छात्रा के स्वजन ने दिल्ली के जंतर- मंतर पर जाकर भी प्रदर्शन किया था।

पटना: नीट छात्रा के परिजनों को मिलेगी पुलिस सुरक्षा, जान से मारने की धमकी के बाद ऐक्शन

पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले की अभी सीबीआई जांच कर रही है। इस बीच पुलिस ने परिजनों को सुरक्षा देने की बात कही है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि जहानाबाद जिले की पुलिस से इस संदर्भ में बात चल रही है, परिजनों को सुरक्षा दी जाएगी ताकि उन्हें खतरा न हो। मृत छात्राा के परिजनों ने हाल ही में अपने जान पर खतरे की आशंका जाहिर की थी तथा राज्य सरकार से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। बता दें कि कुछ ही समय पहले नीट छात्रा की मौत से सदमें में डूबे परिजनों को पर्चा फेंककर धमकी देने का मामला आया था। छात्रा के पैतृक गांव स्थित घर में किसी ने धमकी भरा पर्चा फेंककर सनसनी फैला दी है। शनिवार को दिन में 11 बजे किचेन के खिड़की पर पर्चा रखा हुआ मिला है।

पर्चा में लिखा गया था कि ‘ज्यादा तेज बनोगे तो उठा लिए जाओगे, मार दिए जाओगे।’ धमकी भरा पर्चा मिलने के बाद छात्रा का पूरा परिवार दहशत में आ गया है। छात्रा के परिजनों को धमकी की सूचना मिलने पर शकूराबाद थानाध्यक्ष राहुल कुमार गांव पहुंचे थे और पर्चा को जब्त करते हुए मामले की पड़ताल शुरू की है। उन्होंने बताया कि पर्चा का सत्यापन किया जा रहा है, प्रथम दृष्टया यह असामाजिक तत्वों की करतूत मालूम पड़ती है। पर्चा की सत्यता जल्द ही सामने आ जाएगी।

गौरतलब है कि पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले की जांच अब सीबीआई को सौंपी गई है। इससे पहले पटना पुलिस और फिर एसआईटी ने मामले की जांच की थी। फॉरेंसिक की बायोलाजिकल जांच में छात्रा की अंत:वस्त्र पर पुरुष के स्पर्म की पुष्टि होने पर एसआइटी ने गांव के भी एक दर्जन से ज्यादा लोगों का डीएनए जांच के लिए सैंपल लिया था। इस मामले में न्याय की मांग को लेकर आठ फरवरी को छात्रा के स्वजन ने दिल्ली के जंतर- मंतर पर जाकर भी प्रदर्शन किया था।

दारोगा से तीन घंटे पूछताछ

नीट की तैयारी करने वाली जहानाबाद की छात्रा के साथ हुई दरिंदगी मामले की जांच कर रही सीबीआई ने सोमवार को चित्रगुप्त नगर थाने की दारोगा रीना कुमारी से लगभग 3 घंटे तक पूछताछ की।दारोगा से पूछताछ सीबीआई के पटना स्थित कार्यालय में हुई। अगले कुछ दिनों में चित्रगुप्त नगर के अलावा कदमकुआं थाना के कुछ और पुलिस अफसरों को भी सीबीआई पूछताछ के लिए बुला सकती है।

शंभू गर्ल्स हॉस्टल में 6 जनवरी को छात्र की तबीयत खराब होने के बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय कदमकुआं और चित्रगुप्तनगर थाने की पुलिस पहुंची थी। घटना की सूचना मिलने के बाद जो पुलिसकर्मी मौके पर और अस्पताल गए थे उनकी सूची सीबीआई ने बनाई है।

घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी एजेंसी

मामले की जांच संभालने के बाद सीबीआई घटना की कड़ियों को एक-एक कर जोड़ने में जुटी है। पहले दिन सीन रिक्रिएट करने के बाद सीबीआई टीम ने रविवार को जहानाबाद जाकर छात्रा के परिजनों का बयान लिया था। उनसे जानकारी इकट्ठा करने के साथ ही छात्रा से जुड़ी कुछ सामग्री को भी सीबीआई अपने साथ ले आई थी। सीबीआई अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि घटनास्थल से जुटाये गये साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और केस डायरी तैयार करने में सभी मानकों का पालन हुआ या नहीं?

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।