
अमन शुक्ला हत्याकांड: पटना पुलिस ने 6 संदिग्धों को पकड़ा, लव अफेयर के एंगल से भी जांच
अमन शुक्ला हत्याकांड: मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि पुलिस इस मामले में आपसी रंजिश के अलावा लव अफेयर के एंगल से भी जांच-पड़ताल कर रही है।
अमन शुक्ला हत्याकांड: पटना के चर्चित अमन शुक्ला हत्याकांड में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि पुलिस इस मामले में आपसी रंजिश के अलावा लव अफेयर के एंगल से भी जांच-पड़ताल कर रही है। पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के विद्यापुरी पार्क के पास सोमवार की शाम पत्नी और बेटे के सामने कुख्यात अमन शुक्ला की हत्या मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस का दावा है कि शूटरों की पहचान कर ली है।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीम कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। हत्याकांड की जांच के सिलसिले में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। इधर, हत्या की कड़ियों को जोड़ने के लिए एसआईटी और पुलिस अधिकारियों ने अमन की पत्नी पूजा से कई घंटे पूछताछ की। मंगलवार को घटनास्थल का एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा और सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने मुआयना भी किया। पुलिस के मुताबिक हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश समेत कई बिंदु हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस छानबीन और आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी है।
अमन और उसकी पत्नी की कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने अमन शुक्ला के मोबाइल फोन की जांच की है, जिससे कई अहम सुराग मिले हैं। इसके साथ ही अमन की पत्नी के मोबाइल का भी कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकालकर जांच की जा रही है। पिछले 24 घंटे के भीतर पुलिस ने घटना को लेकर करीब 20 सीसीटीवी के फुटेज खंगाले हैं। वहींस्मार्ट सिटी के तहत लगाए गए कैमरों से भी अपराधियों की तस्वीरें निकाली गई हैं। मंगलवार को हत्या का वीडियो वायरल है। जिसमें साफ दिख रहा कि अमन की हत्या करने के लिए बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे सटाकर गोली मारी है।
घटना को अंजाम देने के बाद 90 फीट की ओर भागे थे शूटर
जांच में जुटे पुलिस के अधिकारियों की मानें तो घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश 90 फीट की ओर भागे। वहां से बाइपास होते हुए शहर के बाहर निकल गए। पुलिस जब तक उनका पीछा करती शहर से भागने में कामयाब रहे। बदमाशों ने मास्क पहन रखा था, इसीलिए सीसीटीवी फुटेज में उनका चेहरा स्पष्ट नहीं दिखा रहा। हालांकि हत्या के समय बदमाशों ने जिस बाइक का इस्तेमाल किया था, उसकी पहचान कर ली गई है। बाइक जिस व्यक्ति के नाम से रजिस्टर्ड है, उससे भी पुलिस ने पूछताछ की है।
3 दिन से घर नहीं आया था अमन
हत्याकांड की पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पहला क्या उसकी हत्या पुरानी रंजिश में की गई है। बेऊर में 2020 में हुए बैंक लूटकांड में शामिल अपराधियों से कहीं उसका मनमुटाव तो नहीं था। क्या उसकी हत्या उसके पुराने साथियों ने कर दी है। अमन ने पिछले 15 दिनों में जिन-जिन लोगों से मोबाइल पर बातचीत की है उसने भी पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि छानबीन में पता चला कि अमन शुक्ला तीन दिनों से घर नहीं आया था। बताया जा रहा है कि वह बोरिंग रोड इलाके के एक फ्लैट में ठहरा हुआ था। पुलिस उस फ्लैट पर भी जांच के लिए गई। बोरिंग रोड में वह किस काम से गया था व वहां क्यों रुका था इसकी जांच की जा रही है।





