पटना नगर निगम की गाड़ी ने युवक को कुचल कर मार डाला, मुआवजे के लिए हंगामा

Dec 22, 2025 06:56 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share

लोगों ने बताया कि बहादुपुर हाउसिंग कॉलोनी, सेक्टर-6 मुसहरी में रहनेवाले बखौरी मांझी का बेटा मोरपिया मांझी कचरा चुनता था। इसी क्रम में शनिवार की रात कचरा चुनने के बाद वह गेट नंबर तीन के पास ही सो गया।

पटना नगर निगम की गाड़ी ने युवक को कुचल कर मार डाला, मुआवजे के लिए हंगामा

पटना में अगमकुआं थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्टनगर गेट नंबर तीन के पास सो रहे कचरा चुनने वाले युवक को पटन नगर निगम की पोकलेन मशीन ने कुचल दिया। जिससे 39 वर्षीय मोरपिया मांझी की मौत मौके पर ही हो गयी। घटना शनिवार देर रात की है। लोगों ने मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग के लिए सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची अगमकुआं थाने व ट्रैफिक पुलिस के हस्तक्षेप से जाम हटाया गया। ट्रैफिक पुलिस ने पोकलेन को जब्त कर लिया है। जबकि दुर्घटना के बाद चालक भाग निकला।

लोगों ने बताया कि बहादुपुर हाउसिंग कॉलोनी, सेक्टर-6 मुसहरी में रहनेवाले बखौरी मांझी का बेटा मोरपिया मांझी कचरा चुनता था। इसी क्रम में शनिवार की रात कचरा चुनने के बाद वह गेट नंबर तीन के पास ही सो गया। देर रात सफाई करने उसी स्थान पर पोकलेन मशीन पहुंची। जहां चालक की लापरवाही से पोकलेन सो रहे मोरपिया के शरीर पर चढ़ गयी। जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसी भेज दिया।

इधर रविवार की सुबह लोगों ने मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग के लिए फोरलेन जाम कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा व ट्रैफिक प्रभारी नीरज ठाकुर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आश्रितों को पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि दी गयी है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।