जुलाई से मलाहीपकड़ी तक चलेगी पटना मेट्रो, सम्राट चौधरी ने उद्घाटन की तारीख बताई; ट्रैफिक जाम पर भी प्लान बनाने को कहा
पटना मेट्रो का जुलाई में विस्तार होने जा रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाहीपकड़ी स्टेशन तक पटना मेट्रो शुरू करने की तारीख का ऐलान कर दिया है। उन्होंने मेट्रो रेल सेवा के सभी चरणों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

Patna Metro: बिहार की राजधानी पटना के लोगों के लिए अच्छी खबर है। पटना मेट्रो का अगले महीने से विस्तार होने जा रहा है। अब मलाहीपकड़ी स्टेशन तक मेट्रो रेल चलेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो के लोकार्पण की तारीख का ऐलान कर दिया है। 2 जुलाई को इसका उद्घाटन हो जाएगा। सीएम ने पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राजधानी की सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए अधिकारियों को स्थायी समाधान वाला प्लान भी तैयार करने को कहा है।
सीएम सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना स्थित अपने आवास पर पटना मेट्रो रेल परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2 जुलाई को मलाहीपकड़ी स्टेशन तक मेट्रो रेल परियोजना के विस्तारीकरण का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने परियोजना के हर चरण के लिए स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित कर उन्हें समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी।
पटना में ट्रैफिक प्लान बनेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो के निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसका ख्याल रखा जाए। सड़कों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो का विस्तार होने से शहरवासियों को आवागमन में सहूलियत होगी। उनके समय की बचत होगी।
पटना मेट्रो का सभी जगह एक साथ काम हो
सीएम ने कहा कि पटना मेट्रो शहर की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने वाला एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का भी ढंग से पालन किया जाए। पटना मेट्रो के विभिन्न निर्माण स्थलों पर एक साथ तेजी से काम चलाया जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर ही प्रोजेक्ट पूरा हो सके। उन्होंने अधिकारियों को इस परियोजना की नियमित रूप से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
अभी 3 स्टेशन पर चल रही पटना मेट्रो
पटना मेट्रो मुख्य रूप से दो कॉरिडोर रेड लाइन और ब्लू लाइन में बनाई जा रही है। वर्तमान में इसके प्रायोरिटी कॉरिडोर पर तीन स्टेशन (न्यू आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ) पर मेट्रो ट्रेन चल रही है। इसकी शुरुआत पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले की गई थी। अब मलाहीपकड़ी तक मेट्रो रेल सेवा चालू हो जाएगी।
हालांकि, भूतनाथ और मलाहीपकड़ी के बीच बनाए जा रहे इंटरचेंज स्टेशन खेमनीचक पर मेट्रो ट्रेन अभी रुकेगी या नहीं, इस बारे में सरकार की ओर से फिलहाल कुछ नहीं कहा गया है। दरअसल, कुछ सप्ताह पहले जानकारी मिली थी कि खेमनीचक स्टेशन को तैयार करने में दो-तीन महीने का समय लग सकता है।
पटना में रेड लाइन कॉरिडोर के तहत दानापुर से खेमनीचक (लगभग 17 किलोमीटर) और ब्लू लाइन कॉरिडोर के अंतर्गत पटना जंक्शन से न्यू आईएसबीटी तक (14.45 किलोमीटर) मेट्रो चलेगी।
पटना मेट्रो रेड लाइन प्रस्तावित रूट-
दानापुर, सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, पाटलिपुत्र, रुकनपुरा, राजा बाजार, पटना जू, विकास भवन, विद्युत भवन, पटना स्टेशन, मीठापुर, रामकृष्ण नगर, जगनपुरा और खेमनीचक।
पटना मेट्रो ब्लू लाइन प्रस्तावित रूट-
पटना स्टेशन, आकाशवाणी, गांधी मैदान, पीएमसीएच, यूनिवर्सिटी, मोइन उल हक स्टेडियम, राजेंद्र नगर, मलाहीपकड़ी, खेमनीचक, भूतनाथ, जीरो माइल और आईएसबीटी।


