पटना मेट्रो: मलाही पकड़ी स्टेशन पर पार्किंग की सुविधा, खेमनीचक स्टेशन पर कितना काम हुआ पूरा

Feb 10, 2026 06:24 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share

पटना मेट्रो (Patna Metro) के निदेशक ने समीक्षा बैठक के दौरान टनल खुदाई सहित अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की, जिसमें निर्माण एजेंसी की ओर से बताया गया कि विश्वविद्यालय से गांधी मैदान के बीच खुदाई का कार्य जारी है।

पटना मेट्रो: मलाही पकड़ी स्टेशन पर पार्किंग की सुविधा, खेमनीचक स्टेशन पर कितना काम हुआ पूरा

पटना मेट्रो (Patna Metro) के प्राथमिक कॉरिडोर के मलाही पकड़ी स्टेशन पर लोगों को पार्किंग की सुविधा मिलेगी, जबकि मलाही पकड़ी से खेमनीचक होते हुए भूतनाथ स्टेशन के पहले तक ट्रैक और बिजली का कार्य पूरा कर लिया गया है। बचे हुए कार्य को तय समय सीमा पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। नगर विकास एवं आवास विभाग में सोमवार को विभागीय सचिव सह पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के निदेशक संदीप कुमार आर पुडकलकट्टी ने निर्माण एजेंसी के साथ मेट्रो के प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की।

इस दौरान परियोजना के प्रत्येक खंड की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें निर्धारित लक्ष्यों की तुलना वास्तविक उपलब्धियों से की गई। निर्माण के दौरान आने वाली समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि मलाही पकड़ी के पिछले हिस्से में विभाग की जमीन है। जिस पर झोपड़पट्टी है। उसे जमीन को खाली करा मेट्रो के यात्रियों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान निर्माण एजेंसी की ओर से बताया गया कि खेमनीचक स्टेशन का निर्माण का 90 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। मार्च या अप्रैल तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

11 फरवरी और 25 फरवरी को होगा निरीक्षण

भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो चालू करने से पहले ईआईजी और सीएमआरएस का निरीक्षण होगा। जानकारी के अनुसार 11 फरवरी को ईआईजी का निरीक्षण चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर, 25 को सीएमआरएस का निरीक्षण रेल संरक्षा आयुक्त करेंगे। इनकी मंजूरी के बाद मेट्रो का परिचालन शुरू होगा। 23 जनवरी को चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर ने निरीक्षण किया था। 5 फरवरी को मलाही पकड़ी स्टेशन पर एएसएस को चार्ज करने के लिए विद्युत आपूर्ति शुरू हुई।

टनल खुदाई की भी हुई समीक्षा

पटना मेट्रो के निदेशक ने समीक्षा बैठक के दौरान टनल खुदाई सहित अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की, जिसमें निर्माण एजेंसी की ओर से बताया गया कि विश्वविद्यालय से गांधी मैदान के बीच खुदाई का कार्य जारी है, जबकि मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर स्टेशन के बीच खुदाई का कार्य शुरू किया गया था। लेकिन रेलवे से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट नहीं मिलने के कारण खुदाई का कार्य रुका हुआ है। इस पर रेलवे से समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द एनओसी लेने का निर्देश दिया गया।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।