पटना में गोबर फेंकने के विवाद में खूनी खेल, 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मार डाला

हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Bihar Crime News: पटना के पुनपुन में गोबर फेंकने के विवाद में 60 वर्षीय किसान मुन्द्रिका महतो की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दोनों नामजद आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पटना में गोबर फेंकने के विवाद में खूनी खेल, 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मार डाला

Bihar Crime News: राजधानी पटना के ग्रामीण इलाके से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ पुनपुन थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव में महज गोबर फेंकने के मामूली विवाद को लेकर दबंग बदमाशों ने एक 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान को लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस खौफनाक हत्या की घटना के बाद से ही पूरे गांव में भारी कोहराम मच गया है और दोनों नामजद आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।

साजिश के तहत शरीर पर फेंका गोबर

यह पूरी घटना शनिवार की शाम की बताई जा रही है। मृतक किसान की पहचान मुस्तफापुर गांव निवासी 60 वर्षीय किसना मुन्द्रिका महतो के रूप में हुई है। मुन्द्रिका महतो की पत्नी चमेली देवी ने पुलिस को दिए अपने बयान में रोते हुए बताया कि गांव के ही दो दबंग लोगों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत उनके पति के शरीर पर गोबर फेंक दिया था। इस हरकत से नाराज होकर जब उनके पति ने उन लोगों को कुछ अपशब्द कहे, तो विवाद और ज्यादा बढ़ गया। शनिवार शाम जब मुन्द्रिका महतो अपने खेत से काम खत्म कर घर की ओर आ रहे थे, तभी गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास पहले से घात लगाए बैठे दोनों आरोपियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से उन पर टूट पड़े।

लोहे की रॉड से तोड़ दिए दोनों पैर

बदमाशों ने पीट-पीटकर बुजुर्ग किसान के दोनों पैर तोड़ दिए। इसके बाद जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर लोहे की रॉड से कई ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे मुन्द्रिका महतो लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर बेहोश हो गए। बुजुर्ग को मरा हुआ समझकर दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। आनन-फानन में परिजन उन्हें लेकर स्थानीय पीएचसी पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद एफएसएल की टीम ने भी मुस्तफापुर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुनपुन थानाध्यक्ष ने बताया कि चमेली देवी के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। वर्तमान में वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'हिन्दुस्तान' की बिहार टीम के लिए राजनीति, क्राइम और जनसरोकार से जुड़ी बड़ी खबरों को बेहद आक्रामकता और गहराई के साथ कवर कर रहे हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।