मंत्री नीतीश मिश्रा की बैठक में भारी हंगामा, पाटलिपुत्र टाउनशिप के विरोध में किसान, सीएम आवास तक मार्च का ऐलान

हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
Follow us on Google News
share

पटना में आयोजित पाटलिपुत्र टाउनशिप के हितधारकों की बैठक में किसानों हंगामा कर दिया। वे नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा के सामने नारेबाजी कर टाउनशिप को वापस लेने की मांग करने लगे। किसानों ने सम्राट चौधरी के आवास तक मार्च करने की भी घोषणा कर दी।

patliputra township farmers protest in front of Nitish Mishra
पाटलिपुत्र टाउनशिप की बैठक में मंत्री नीतीश मिश्रा के सामने विरोध करते किसान

बिहार के पटना में प्रस्तावित पाटलिपुत्र टाउनशिप योजना को लेकर आयोजित बैठक में शनिवार को भारी हंगामा हो गया। पुनपुन, फतुहा आदि इलाकों से आए किसानों ने इस टाउनशिप का विरोध करते हुए सरकार से योजना वापस लेने की मांग कर दी। बैठक के बीच में ही किसानों ने नारेबाजी कर दी और आखिरी में वे मंच पर चढ़कर नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा के सामने नारेबाजी कर ने लगे। इससे कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। किसानों ने 25 अगस्त को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास तक मार्च निकालने का ऐलान भी कर दिया।

जानकारी के अनुसार, नगर विकास विभाग की ओर से शनिवार को पटना के ऊर्जा भवन में पाटलिपुत्र टाउनशिप के हितधारकों की बैठक आयोजित की गई। इसमें किसानों, वास्तुविदों और उद्यमियों ने भाग लिया।

किसानों ने आरोप लगाया कि उनसे कोई बात नहीं की जा रही है। उन्हें अपनी आजीविका का संकट सता रहा है। बैठक खत्म होने के बाद किसानों ने मंच पर जाकर मंत्री और अधिकारियों के सामने विरोध जताना शुरू कर दिया, जिससे गहमागहमी होने लगी।

मंत्री बोले- किसी के साथ गलत नहीं होगा

किसानों के हंगामे पर नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि अभी कुछ नहीं हुआ है। बिहार के विकास के लिए टाउनशिप का निर्णय लिया गया है। सभी लोगों की आपत्ति का ख्याल रखा जाएगा। मंत्री ने कहा कि योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। किसी के साथ कुछ गलत नहीं हो, इन्हीं सुझाव के लिए बैठक बुलाई गई है। हम किसानों के बीच गांव-गांव जाएंगे। सभी की बात सुनी जाएगी।

किसानों की मर्जी के बगैर जमीन नहीं ली जाएगी

बिहार सरकार किसी भी टाउनशिप में किसानों की मर्जी के खिलाफ उनकी जमीन नहीं लेगी। साथ ही इसके दायरे में आने वाले गांव की संरचना से छेड़छाड़ नहीं की जाएगी बल्कि गांवों को सुविधाएं दी जाएंगी। किसानों के विरोध पर मंत्री नीतीश मिश्रा ने सरकार का पक्ष रखते हुए यह आश्वासन दिया।

किसानों ने योजना का विरोध किया। मंच पर चढ़कर हंगामा और नारेबाजी की। योजना वापस लेने की मांग की। किसानों के विरोध पर नगर विकास मंत्री ने आश्वासन दिया कि गांव-गांव जाकर एक-एक किसान से बात करेंगे। किसी भी किसान के साथ गलत होने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में शहरीकरण बढ़ाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

नीतीश मिश्रा ने आगे कहा कि हम सभी चाहते हैं बिहार में ही हमारे बच्चों को नौकरी-रोजगार और अन्य सुविधाएं मिले। इसलिए टाउनशिप विकसित करने की योजना बनाई गई है। अभी प्रारूप पर चर्चा हो रही है। योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंत्री ने अपील करते हुए कहा कि एक प्रयास शुरू किया गया है, उसमें सभी का साथ चाहिए।

जमीन लेने की बात पर बिफरे किसान

ऊर्जा ऑडिटोरियम में बैठक की शुरुआत में पाटलिपुत्र टाउनशिप के हितधारकों से आपत्ति और सुझाव के लिए बैठक बुलाई गई थी। शुरू में विभागीय प्रधान सचिव विनय कुमार ने टाउनशिप की खासियत बताई। उसके बाद वे जमीन लेने की प्रक्रिया बताने लगे। तभी किसान बिफर गए।

नीतीश मिश्रा ने मोर्चा संभाला

लोग अपनी सीट पर खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। तब मंत्री नीतीश मिश्रा ने मोर्चा संभालते हुए उन्हें शांत किया। हालांकि बैठक खत्म होने के बाद सभी मंच पर पहुंच गए। किसानों का कहना था कि योजना बनाने से पहले किसानों से बात करनी चाहिए थी। किसानों से जमीन लेने का निर्णय लिया गया है और किसानों को पता तक नहीं है। किसानों ने कहा कि बिना बात किए सरकार ने योजना तैयार कर ली और हमारी जमीन के अधिग्रहण का फैसला ले लिया।

25 को सीएम आवास कूच करेंगे किसान

किसानों का कहना था कि लैंड पूलिंग में 55 फीसदी जमीन वापस करने की बात कही गई, इसका दायरा 70 फीसदी तक होना चाहिए। पहले भी किसी ना किसी योजना के नाम पर जमीन ली जा चुकी है। इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। जमीन चले जाने पर किसानों की आजीविका का क्या होगा? इसके लिए 25 अगस्त को पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास तक मार्च किया जाएगा। पुनपुन के किसान जयपति सिन्हा, फतुहा के जितेंद्र प्रसाद आर्या, महेश प्रसाद सिन्हा, अनिल कुमार सिंह, मनोज कुमार आदि ने कहा कि सरकार योजना वापस ले नहीं तो विरोध जारी रहेगा।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsनीतीश मिश्रा से उलझे पटना के किसान, पाटलिपुत्र टाउनशिप योजना वापस लेने पर अड़े