सूरजभान के भाई चंदन सिंह को रालोजपा में बड़ा पद, पशुपति पारस ने बिहार का प्रदेश अध्यक्ष बनाया

Jayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

बाहुबली पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के छोटे भाई चंदन सिंह को रालोजपा में बड़ा पद मिला है। पार्टी चीफ पशुपति कुमार पारस ने उन्हें रालोजपा का बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। चंदन नवादा से सांसद रह चुके हैं।

सूरजभान के भाई चंदन सिंह को रालोजपा में बड़ा पद, पशुपति पारस ने बिहार का प्रदेश अध्यक्ष बनाया

पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने बाहुबली सूरजभान सिंह के भाई चंदन सिंह को राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) में बड़ी जिम्मेदारी दी है। नवादा से पूर्व सांसद चंदन सिंह को रालोजपा का बिहार अध्यक्ष बना दिया गया है। पहले इस पद पर पारस के भतीजे प्रिंस राज थे। प्रिंस को पिछले दिनों पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का पद खाली हुआ था।

रिपोर्ट्स के अनुसार, रालोजपा सुप्रीमो पशुपति पारस ने गुरुवार को पटना में पार्टी की आपात बैठक बुलाई। उसमें चंदन सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई। इस दौरान पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंस राज समेत अन्य वरीय नेता भी मौजूद रहे। पारस ने नए प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह का फूल-माला पहनाकर स्वागत भी किया।

चंदन सिंह 2019 में नवादा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी के टिकट से लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद चुने गए थे। लोजपा में टूट के बाद वह पशुपति पारस के गुट में आ गए थे। तब से वे रालोजपा में हैं। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य कारणो से वे बीते एक साल से सक्रिय राजनीति से दूर थे। अब फिर से वे पार्टी में सक्रिय हो गए हैं और पार्टी में बड़ा पद संभालेंगे।

इससे पहले पारस के भतीजे प्रिंस राज पासवान रालोजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे। बीते 9 मार्च को उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। पार्टी चीफ पशुपति पारस ने यह भी घोषणा की थी कि प्रिंस अगले दो महीने के भीतर पार्टी के पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिए जाएंगे। इसके बाद बिहार प्रदेश अध्यक्ष का पद खाली हो गया था, जिस पर अब चंदन सिंह की नियुक्ति की गई है।

सूरजभान ने चुनाव से पहले छोड़ी थी पार्टी

चंदन के बड़े भाई एवं बाहुबली सूरजभान सिंह पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव से पहले रालोजपा छोड़ आरजेडी में चले गए थे। उन्होंने अपनी पत्नी वीणा देवी को आरजेडी के टिकट पर मोकामा सीट से मैदान में उतारा था। मगर, जेडीयू के बाहुबली अनंत सिंह के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

बिहार विधानसभा चुनाव में रालोजपा की हुई थी बुरी हार

पिछले साल हुए बिहार चुनाव में पशुपति पारस की पार्टी रालोजपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। 2024 के लोकसभा चुनाव में चिराग पासवान की पार्टी लोजपा-रामविलास के एनडीए में आने के बाद पारस की पार्टी को साइडलाइन कर दिया गया था। एनडीए ने उन्हें एक भी सीट लड़ने के लिए नहीं दी थी। फिर बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पारस ने एनडीए छोड़ दिया था। उनके महागठबंधन में जाने पर भी चर्चा चली लेकिन तेजस्वी यादव की आरजेडी से बात नहीं बन पाई थी।

इसके बाद रालोजपा ने दोनों ही गठबंधन से अलग रहकर बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ा, कुछ सीटों पर प्रत्याशी उतारे लेकिन एक पर भी जीत नहीं मिल पाई। पारस के बेटे यशराज खगड़िया जिले की अलौली सीट से चुनाव लड़े थे, लेकिन वह भी चुनाव नहीं जीत पाए थे। चुनाव में करारी हार के बाद अब रालोजपा संगठन को मजबूत करने में जुटी है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।