एडी सिंह की पराजय के लिए तेजस्वी जिम्मेवार? पप्पू यादव बोले- अहंकार से हारे, कांग्रेस को मान-सम्मान नहीं मिला

Ritesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Pappu Yadav News: कांग्रेस को समर्थन दे रहे निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार के राज्यसभा चुनाव में राजद कैंडिडेट एडी सिंह की हार के लिए तेजस्वी यादव को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि विपक्ष के नेतृत्व के अहंकार के कारण हारे हैं।

एडी सिंह की पराजय के लिए तेजस्वी जिम्मेवार? पप्पू यादव बोले- अहंकार से हारे, कांग्रेस को मान-सम्मान नहीं मिला

बिहार के राज्यसभा चुनाव में विपक्ष के इकलौते कैंडिडेट अमरेंद्रधारी सिंह उर्फ एडी सिंह की हार को लेकर कांग्रेस के तीन विधायकों की भूमिका पर बवाल जारी है। कांग्रेस के समर्थक और पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव का बिना नाम लिए उन्हें इस हार के लिए जिम्मेवार ठहराया है। पप्पू यादव ने कहा कि विपक्ष के नेतृत्व के अहंकार के कारण हार हुई, नहीं तो भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में इस जन्म में यह चुनाव नहीं हरा पाती। राज्यसभा के चुनाव में तीन कांग्रेस विधायकों के अलावा राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के एक विधायक ने वोट नहीं दिया था। इसकी जवह से पहली वरीयता के वोट में लीड लेने के बावजूद एडी सिंह जीत का कोटा नंबर नहीं हासिल कर सके और दूसरी वरीयता के वोट में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के शिवेश राम से हार गए।

कांग्रेस पार्टी के वोट नहीं देने वाले विधायकों में वाल्मीकि नगर के एमएलए सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, फारबिसगंज के विधायक मनोज बिश्वास और मनिहारी के एमएलए मनोहर प्रसाद सिंह शामिल हैं। राजद के ढाका विधायक फैसल रहमान ने भी वोट नहीं किया। सबने वोट करने के अलग-अलग कारण बताए हैं। कांग्रेस के विधायक मनोज बिश्वास ने चुनाव के अगले दिन कहा था कि उन्हें एडी सिंह पसंद नहीं थे, इसलिए वो वोट देने नहीं गए। मनोज ने कहा था कि उन्हें लगा था कि राजद की तरफ से हिना शहाब या अब्दुल बारी सिद्दीकी या कोई ऐसा कैंडिडेट होगा, जो उनकी विचारधारा का होगा। मनोज बिश्वास ने चुनाव में कांग्रेस को महत्व नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने उनसे मतदान को लेकर कहा था कि सारे विधायक निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं।

भाजपा के शिवेश राम से 700 वोट आगे थे राजद के एडी सिंह, फिर कैसे हार गए राज्यसभा चुनाव; गिनती का पूरा खेल समझिए

पप्पू यादव ने कांग्रेस के तीनों विधायकों को वोट नहीं करने के लिए जारी कारण बताओ नोटिस के सवाल पर कहा कि कांग्रेस नोटिस तो जारी करेगा ही। विधायक जवाब देंगे। पार्टी के लाइन और विचारधारा से अलग होंगे तो जवाब तो देना होगा। कांग्रेस विधायक द्वारा उम्मीदवार के विरोध पर पप्पू यादव ने कहा कि विचारधारा के सामने उम्मीदवार से क्या लेना-देना। पप्पू यादव ने हालांकि ये भी कहा कि मान-सम्मान (कांग्रेस को) तो सही में नहीं मिला। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विपक्ष के नेतृत्व के अंहकार के कारण हारा गया है, दूसरा कोई कारण नहीं है। बीजेपी इस चुनाव में विपक्ष को नहीं हरा सकती थी।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।