जेल से निकलते गरजे पप्पू यादव, निशाने पर पटना SSP और दिल्ली के एक नेता; बोले- सच बोलना महंगा पड़ा

Feb 14, 2026 09:45 am ISTSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

पप्पू यादव ने कहा है कि नीट छात्रा हत्या मामले में सच बोलने की सजा मिली। सांसद ने पटना एसएसपी और दिल्ली के एक नेता पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि सच्चाई और भगवान से भरोसा उठ गया।

जेल से निकलते गरजे पप्पू यादव, निशाने पर पटना SSP और दिल्ली के एक नेता; बोले- सच बोलना महंगा पड़ा

Pappu Yadav News: पूर्णिया के निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सभी केस में पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिलने के बाद बेऊर जेल से सात दिनों के बाद बाहर निकले। बाहर आते ही पप्पू तेजर में दिखे। उन्होंने कहा कि नीट छात्रा हत्या मामले में सच बोलने की सजा मिली। सांसद ने पटना एसएसपी और दिल्ली के एक नेता पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि पहली बार सच्चाई और भगवान से भरोसा उठ गया। नीट छात्रा केस में सीबीआई जांच पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर किया। कहा कि गलत तरीके से गिरफ्तारी को लेकर लोकसभा स्पीकर से मिलकर शिकायत करेंगे।

पप्पू यादव बिहार सरकार पर भी जमकर बरसे। कहा कि उनके खिलाफ कोई क्रिमिनल केस नहीं है। फिजूल के मामलों में फंसाकर जेल में रखा गया। आरोप लगाया कि उन्हें अपमानित करवाने और मरवाने की साजिश थी। इसमें एक बिहार के नेता, एक दिल्ली के नेता, पटना एसएसपी, दीपक कुमार का हाथ है। सबने मिलकर काफी तंग किया। भगवान किसी को थाना, सरकारी अस्पताल और जेल नहीं भेजे। देर शाम उन्हें बेऊर जेल से रिहा किया गया।

पप्पू यादव ने कहा कि नीट छात्रा की मौत मामला अब दबेगा नहीं। सबका कॉल डिटेल निकलवाया जाएगा। उन्होंने कोचिंग की छत से गिरकर मरने वाली छात्रा के परिजनों से भी मुलाकात कर गहनता से छानबीन करने की मांग की। सांसद ने खेमका और रुपेश मर्डर केस को उजागर करने की बात कही। कहा कि 9 मार्च से लोकसभा चलेगा वहां बिहार खामोश नहीं रहेगा। जोरदार ढंग से आवाज उठाई जाएगी।

सांसद पप्पू यादव को तीन मामलों में जमानत मिली

पटना सिविल कोर्ट स्थित एमपी-एमएलए के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी प्रवीण कुमार मालवीय ने शुक्रवार को सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को तीनों आपराधिक मामले में नियमित जमानत दे दी। सांसद के वकील विजय आनंद ने नियमित जमानत अर्जी दायर की थी।

अर्जी पर बहस करते हुए उन्होंने कहा कि तीनों आपराधिक मामले राजनीतिक विद्वेष से किया गया। सासंद की ओर से जनहित के कार्यों को लेकर धरना-प्रर्दशन करने के दौरान केस कर पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें फंसाया गया। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद विशेष अदालत ने बेऊर जेल में बंद पप्पू यादव को नियमित जमानत दी। जेल में बंद पप्पू यादव को पटना के चार आपराधिक मामले में जमानत मिली है। इन चारों मामलों में बेल बॉन्ड दाखिल करने पर एमपी-एमएलए की विशेष अदालत ने बेऊर जेल के अधीक्षक को सासंद पप्पू यादव को जेल मुक्त करने आदेश जारी किया।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।