
गिरफ्तार पप्पू यादव IGIMS से PMCH शिफ्ट; आगे क्या करेगी पुलिस, पूर्णिया सांसद के पास क्या हैं विकल्प?
सांसद के निजी सचिव के हवाले से बताया गया है कि रात भर IGIMS में स्ट्रेचर पर रखने के बाद पटना पुलिस पप्पू यादव को अभी PMCH ले जा रही है।
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पटना आवास से बीती देर रातगिरफ्तार कर लिया गया। 31 साल पुराने केस में गिरफ्तारी के बाद उन्हें हेल्थ जांच के लिए आईजीआईएमएस लेकर गई जहां से उन्हें पीएमसीएच शिफ्ट कर दिया गया है। सांसद ने खुद को बीमार बताकर गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। उन्होंने गिरफ्तार करने पहुंचे पुलिस अधिकारी के सिविल ड्रेस में पहुंचने पर आपत्ति जताई। पुलिस के आने के बाद वे दवाई खाते देखे गए।
पप्पू यादव के फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट डालकर जानकारी दी गई है कि सांसद को रात भर आईजीआईएमएस में स्ट्रेचर पर रखा गया। सांसद के निजी सचिव के हवाले से बताया गया है कि रात भर IGIMS में स्ट्रेचर पर रखने के बाद पटना पुलिस माननीय सांसद पप्पू यादव जी को अभी PMCHले जा रही है। नीट बेटी की लड़ाई लड़ने के लिए उनके साथ सत्ता और प्रशासन के लोग ऐसा साजिशन कर रहे हैं और उन्हें मारने की साजिश रच चुके हैं। इलाज के लिए पटना पुलिस ने माननीय सांसद को स्ट्रेचर पर रखा। पटना पुलिस उन्हें बेड तक नहीं दिला सकी आईजीएमएस में। ये बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था है।
पप्पू यादव के वकील शिवनंदन भारती ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया। उन्होंने बताया कि पप्पू यादव 1995 के केस में बेल ले चुके थे। अधिवक्ता लिपिक के माध्यम से केस को देखा जा रहा था। उनका बेल टूट गया इसकी कई चरण की नोटिस पुलिस ने दबा दिया। 82 की नोटिस चिपकाना जरूरी था वह भी नहीं किया गया। पुलिस सीधे 83 लेकर गिरफ्तार करने आ गई यह चौंकाने वाली बात है।
इधर पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आज सांसद को कोर्ट में पेश किया जाएगा। न्यायालय के आदेश के बाद उन्हें जेल भेजा जा सकता है। हालांकि, बीमारी की हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में रखा जा सकता है। पेशी की टाइमिंग को लेकर कोई जानकारी अभी नहीं दी गई है। पप्पू यादव पेशी के दौरान कोर्ट से बेल देने की गुहार लगा सकते हैं। बेल पेटिशन स्वीकार होने पर उन्हें पुलिस को छोड़ना पड़ेगा। जमानत के लिए पप्पू यादव की लीगल टीम तैयारी में जुट गई है।

लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें



