हत्यारे ने थानेदार को किया फोन, एनकाउंटर करो; कन्हैया मोदी मर्डर केस में पप्पू यादव का बड़ा बयान
पप्पू यादव ने कहा कि खरीक थानेदार अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देते हैं। अपराधियों ने घटना को अंजाम देने के बाद लगातार खरीक थाना के थानेदार और दारोगा से फोन पर बात की है।

Papp Yadav News: पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बिहार पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। भागलपुर के नगछिया में कन्हैया मोदी हत्याकांड में हत्यारे से थानेदार की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए हत्यारे का एनकाउंटर करने की मांग की है। उन्होंने पीड़ित परिवार से जाकर मुलाकात की और मौके से ही आईजी और अन्य पदाधिकारियों को फोन लगाया। उन्होंने आईजी से कहा कि खरीक थाने को बचाना है तो थानेदार और एक अन्य दारोगा को हटा लीजिए। दस मई की रात को कन्हैया मोदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव बुधवार को खरीक बाजार मोदी टोली पहुंचे। जहां मृतक कन्हैया कुमार मोदी के परिजनों से मिलकर सांत्वना देते हुए न्याय का भरोसा दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने खरीक थानाध्यक्ष की जमकर शिकायत की।
पप्पू यादव ने मौके से ही भागलपुर आईजी और एसएसपी को फोन पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। जिसके दौरान पप्पू यादव ने दोनों पुलिस पदाधिकारियों को बताया कि खरीक थानेदार अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देते हैं। अपराधियों ने घटना को अंजाम देने के बाद लगातार खरीक थाना के थानेदार और दारोगा से फोन पर बात की है। जिसके बाद पुलिस और अपराधियों की मिलीभगत से सरेंडर करने की सेटिंग हुई। दोनों पुलिस पदाधिकारियों को शीघ्र खरीक से हटाकर खरीक को जलने से बचा लीजिए। उन्होंने कहा कि हत्या करने वाले अपराधियों का एनकाउंटर हो।
इस मामले में खरीक थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद चार घंटे के अंदर ही पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उनपर लगाए गए आरोप गलत है। उधर पप्पू यादव ने कहा कि खरीक के वर्तमान में दो मंत्री है। लेकिन किसी को भी मृतक के परिजनों से मिलने का वक्त नहीं है।
ऋषभ के भाई ने पूरे परिवार की हत्या की दी धमकी
कठेला निवासी कुख्यात ऋषव चौधरी के भाई केशव चौधरी द्वारा मृतक कन्हैया कुमार मोदी के भाई अमरनाथ कुमार को पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। अमरनाथ ने खरीक थाना में आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे। हर हाल में पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय मिलेगा।
संसद में उठाउंगा आवाज मिलेगा न्याय
पप्पू यादव ने मृतक के परिजनों से कहा कि लोकसभा सत्र चालू होते ही मैं पूरी ताकत के साथ संसद में आवाज उठाउंगा। मैं अपने बच्चे की सौगंध कहता हूं कि किसी भी कीमत पर अपराधी और दोषी पुलिस पदाधिकारी नहीं बचेंगे। इस मौके विजय कुमार मंडल, मुखिया गणेश मंडल, विजय कुमार साह, राजेश पौद्दार, अतहर आलम आदि मौजूद थे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

