पाकिस्तानी एजेंसी ISI के निशाने पर भारत के सैन्य प्रतिष्ठान, जवानों के मोबाइल में झांकने की साजिश; बिहार में अलर्ट

हिन्दुस्तान, प्रधान संवाददाता, भागलपुर
Follow us on Google News
share

इस बात की भी जानकारी खुफिया विभाग की तरफ से दी गई है कि सेना के पदाधिकारी और जवानों के मोबाइल के साथ भी छेड़छाड़ कर सकते हैं। इसके लिए वे उनके मोबाइल में मैलवेयर भी इंस्टॉल करने की कोशिश कर सकते हैं।

Representative image

पाकिस्तान का नापाक इरादा एक बार फिर सामने आया है। खुफिया एजेंसी को इस बात की जानकारी मिली है कि पाकिस्तान का आईएसआई भारत में विभिन्न जगहों पर स्थित हाईवे पर स्थायी बेस बनाने की तैयारी में है। इसके लिए वे हाईवे पर उन जगहों को चिह्नित कर रहे हैं, जहां सेना से संबंधित प्रतिष्ठान स्थित हैं। इस तरह की सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने 24 अप्रैल को एक पत्र जारी कर पूरे राज्य की पुलिस को अलर्ट किया है। आशंका है कि आईएसआई स्थायी बेस के तौर पर ढाबा, रेस्टोरेंट, मोबाइल और कंप्यूटर की दुकान एवं जनसेवा केंद्र भी खोल सकता है।

सेना की गतिविधि और लोकेशन जानने की कोशिश: खुफिया विभाग की सूचना मानें तो पाकिस्तान की ये एजेंसी हाईवे किनारे स्थित सेना के प्रतिष्ठानों के आसपास ढाबा, रेस्टोरेंट और दुकान खोलकर उसमें सीसीटीवी लगाएंगे और उसकी मदद से सेना की गतिविधि पर नजर रखेंगे। सेना से संबंधित विभिन्न जानकारी इकट्ठा करने के लिए इस तरह की हरकत करने की तैयारी में है।

वे सेना की गतिविधि और लाइव लोकेशन प्राप्त करने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में हाईवे पर स्थित सेना के बेस व विभिन्न प्रतिष्ठानों के आसपास संदिग्ध गतिविधि दिखने पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया है। आसपास स्थित ढाबा रेस्टोरेंट और विभिन्न दुकानों का भी सत्यापन करने और उचित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।

पदाधिकारी व जवानों के मोबाइल से छेड़छाड़ की कोशिश

इस बात की भी जानकारी खुफिया विभाग की तरफ से दी गई है कि सेना के पदाधिकारी और जवानों के मोबाइल के साथ भी छेड़छाड़ कर सकते हैं। इसके लिए वे उनके मोबाइल में मैलवेयर भी इंस्टॉल करने की कोशिश कर सकते हैं। इसको लेकर भी सतर्क रहने को कहा गया है। हाईवे पर सेना के प्रतिष्ठानों के आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर लोकल पुलिस को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।

विभिन्न एजेंसी को सूचना एकत्रित करने को भी कहा गया है। भागलपुर रेंज आईजी विवेक कुमार ने कहा कि रेंज में वैसी कोई स्थिति नहीं है, लेकिन पुलिस की पेट्रोलिंग लगातार हो रही है। रूटीन कार्य के साथ ही संदिग्धों पर भी पुलिस की नजर बनी रहती है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।