Hindi NewsBihar NewsOwaisi AIMIM fields Toppers Scam accused Bachcha Rai in Mahua against Mukesh Raushan RJD Tej Pratap Sanjay Singh LJP
बच्चा राय ने महुआ से नॉमिनेशन किया; ओवैसी ने दिया टॉपर्स घोटाला के आरोपी को टिकट

बच्चा राय ने महुआ से नॉमिनेशन किया; ओवैसी ने दिया टॉपर्स घोटाला के आरोपी को टिकट

संक्षेप: असदुद्दीन ओवैसी ने महुआ से टॉपर्स घोटाला के आरोपी बच्चा राय को लड़ाया है। उन्होंने गुरुवार को पर्चा भर दिया। राजद के मुकेश रोशन की सीट पर लालू यादव के बेटे तेज प्रताप और लोजपा से संजय सिंह भी लड़ रहे हैं।

Fri, 17 Oct 2025 09:13 AMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने वैशाली जिले की बहुचर्चित महुआ विधानसभा सीट से बदनाम टॉपर्स घोटाला के आरोपी अमित कुमार उर्फ बच्चा राय को लड़ाया है। उन्होंने एआईएमआईएम के टिकट पर गुरुवार को नामांकन का पर्चा जमा कर दिया है। बच्चा राय को एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने 28 अगस्त को पार्टी में शामिल किया था। सितंबर के आखिरी हफ्ते में जब ओवैसी सीमांचल दौरे पर आए थे, तब उनकी बच्चा राय से मुलाकात की तस्वीरें वायरल हुई थीं। बच्चा के महुआ से लड़ने की चर्चा तब से ही थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

महुआ विधानसभा सीट से इस समय राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के मुकेश रोशन विधायक हैं, जिनके खिलाफ लालू यादव के द्वारा परिवार और पार्टी से निकाले गए बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी लड़ रहे हैं। तेज प्रताप यादव 2015 में पहली बार महुआ से ही विधानसभा पहुंचे थे और भाई तेजस्वी यादव वैशाली जिले की ही राघोपुर सीट से जीते थे। तेज प्रताप यादव को 2020 के चुनाव में समस्तीपुर जिले की हसनपुर सीट से लड़ाया गया और वो वहां से भी जीतने में कामयाब रहे। तेज प्रताप पार्टी से निकाले जाने से बहुत पहले से महुआ से ही लड़ने की बात कर रहे थे।

चरित्र प्रमाण पत्र लेकर मेंबर नहीं बनाते हैं; टॉपर घोटाला के आरोपी बच्चा राय को लेने पर बोली ओवैसी की पार्टी

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में महुआ सीट चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (एलजेपी-आर) को मिली है। चिराग पासवान ने यहां से संजय सिंह को लड़ा दिया है, जो राजपूत जाति से आते हैं। संयोग से मुकेश रोशन, तेज प्रताप यादव और बच्चा राय तीनों ही यादव हैं। यादव बहुत इस सीट पर दलितों की बड़ी आबादी है। महुआ में नामांकन का आखिरी दिन कल है और पहले चरण में यहां 6 नवंबर को मतदान होना है।

Bihar Exit Polls, बिहार चुनाव 2025 की ताज़ा ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें।
Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा लगभग ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। बिहार में दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने के बाद दिल्ली-एनसीआर में विराट वैभव, दैनिक भास्कर, आज समाज, बीबीसी हिन्दी, स्टार न्यूज, सहारा समय और इंडिया न्यूज के लिए अलग-अलग भूमिका में काम कर चुके हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।