
भयानक हार से पस्त नहीं राजद विधायक भाई वीरेंद्र; बोले- सदन में NDA को हराएंगे
भाई वीरेंद्र ने कहा कि हम पांडव हैं, संख्या बल में भले ही कम है। जैसे पांच पांडव ने कौरवों को हरा दिया था उसी तरह सदन में एनडीए को हरायेंगे।
आज सोमवार के बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है। इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के विधायक भाई वीरेंद्र का बड़ा बयान सामने आया है। मनेर से आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र सदन में एनडीए को हराने का दावा किया है। विधानमंडल का यह सत्र 5 दिसम्बर तक चलेगा। आज पहले दिन सदन के सभी सदस्य शपथ लेंगे।
भाई वीरेंद्र ने कॉन्फिडेंस के साथ कहा कि हम पांडव हैं, संख्या बल में भले ही कम है। जैसे पांच पांडव ने कौरवों को हरा दिया था उसी तरह हम सदन में एनडीए को हरायेंगे। यह सरकार वोट चोरी से बनी है। इसे जनता की मंजूरी नहीं है। सोमवार को भाई वीरेंद्र बिहार विधानसभा की कार्रवाई शुरू होने के पूर्व परिसर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। विधानसभा चुनाव 2025 में राजद समेत पूरे विपक्ष की शर्मनाक हार हुई। सरकार बनाने का दावा करने वाले तेजस्वी यादव की पार्टी मात्र 25 सीटों पर सिमट गई। सहयोगी कांग्रेस को मात्र छह सीटों पर विजय मिली। जबकि वाम दलों के चार उम्मीदवारों को विधानसभा पहुंचने में सफलता मिली। दूसरी ओर सत्ताधारी एनडीए के 202 सदस्य जीत कर आए हैं।
18 वीं विधानसभा के पहले सत्र में विपक्ष ने सत्ता पक्ष को घेरने की पूरी तैयारी की है। शनिवार को तेजस्वी यादव के आवास पर विपक्षी विधायकों की बैठक हुई जिसमें सत्ता पक्ष को घेरने की रणनीतियों पर चर्चा हुई। बैठक में तेजस्वी यादव के नेता प्रतिपक्ष के रुप में चयन पर मुहर भी लगाई गई। इधर सत्ता पक्ष भी विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी कर रखी है।
सत्र में आज पहले दिन सभी 243 विधायकों का शपथ ग्रहण और नए विधानसभा स्पीकर के लिए नामांकन होगा। प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव नव निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। कल दो दिसम्बर को विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा। तीन दिसम्बर से विधानसभा का कार्यव्यवहार चलेगा। विधान परिषद का सत्र तीन दिनों का होगा जो तीन से पांच दिसम्बर तक चलेगा।





