पीएमसीएच में अब टोकन के बाद ही कटेगी ओपीडी की पर्ची, दवा के भी 13 काउंटर
PMCH में प्रतिदिन करीब पांच हजार मरीजों के रजिस्ट्रेशन की क्षमता है। ओपीडी तक पहुंचने के लिए एस्केलेटर की सुविधा भी है। मरीजों को रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कतार में खड़ा नहीं होना पड़े, इसके लिए टोकन व्यवस्था शुरू की गई है।

हिन्दुस्तान टीम, पटना। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल(पीएमसीएच) में एक साथ 2500 बेड पर आधुनिक सुविधाओं के साथ इलाज होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पीएमसीएच पुनर्विकास योजना (फेज-1) के अंतर्गत नवनिर्मित अस्पताल भवन टावर-3 का उद्घाटन के दौरान यह बात कही। पीएमसीएच में 536 बेड बढ़ गए है। नए भवन में ओपीडी, गंभीर बच्चों के इलाज और ऑपरेशन की आधुनिक सुविधाएं हैं। पीएमसीएच में सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। ओपीडी की पर्ची कटवाने से डॉक्टर को दिखाने तक की सभी सुविधाएं एक ही भवन में उपलब्ध हो गई। अस्पताल के नए भवन टवर-3 के निचले तल पर वातानुकूलित ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू किया गया है।
प्रतिदिन करीब पांच हजार मरीजों के रजिस्ट्रेशन की क्षमता है। ओपीडी तक पहुंचने के लिए एस्केलेटर की सुविधा भी है। मरीजों को रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कतार में खड़ा नहीं होना पड़े, इसके लिए टोकन व्यवस्था शुरू की गई है। टोकन लेने के बाद उसका नंबर सामने लगी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा। नंबर देखकर मरीज काउंटर से पर्ची कटवा सकेंगे। नौ मंजिला इस भवन में कई नई सुविधाएं शुरू की गई हैं।
तीसरी मंजिल पर ओपीडी होंगे। पांचवीं मंजिल पर 58 बेड का नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (नीकू) और 40 बेड का शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (पीकू) शुरू किया गया है। पहले पीकू में 20 बेड थे। पांचवीं मंजिल पर ही स्त्री एवं प्रसूति का ओटी है।
कई वार्डों का निरीक्षण किया
सीएम ने प्रतीक्षालय, रेडियोलॉजी, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, पीकू, नर्स स्टेशन, चिकित्सा कक्ष, उपचार कक्ष तथा प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने टावर-3 के भूतल पर बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया। पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एक सप्ताह तक पुराने और नए दोनों रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पर्ची कटेगी। इस महीने के अंत तक नए काउंटर से ओपीडी रजिस्ट्रेशन की पूरी व्यवस्था शुरू करने की योजना है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएमसीएच के नए भवन टावर 3 और इसके पांचवें तल पर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट वार्ड (पीकू) का उद्घाटन किया। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सुविधाओं का बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करें, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को परेशानी नहीं हो। अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण कर समस्याओं का त्वरित समाधान करें। सीएम ने नये भवन का निरीक्षण किया तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की अधिकारियों से जानकारी ली।
इस दौरान अधिकारियों ने टावर-3 के भूतल पर कियोस्क एवं काउंटर के माध्यम से ओपीडी मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया, अल्पाहार गृह की व्यवस्था तथा पीएमसीएच पुनर्विकास योजना के तहत पूर्ण और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी आदि उपस्थित थे। निशांत कुमार ने ब्लड बैंक का निरीक्षण किया।
टावर 3 में किस तल पर क्या सुविधाएं
● पोडियम तल: ओपीडी और आईपीडी का पंजीयन
● प्रथम तल: रेडियोलॉजी, डाइग्नोस्टिक्स और इमर्जेंसी।
● द्वितीय तल: जनरल मेडिसिन
● तीसरा: विभिन्न विभागों के ओपीडी
● चौथा: सामान्य सर्जरी
● पांचवीं: पीकू और नीकू, स्त्री एवं प्रसूति विभाग का ओटी
● छठा: सर्जरी एवं मेडिसिन
● सातवां: स्त्री एवं प्रसव आदि के कार्यालय
● आठवां: शिशु सर्जरी, जनरल सर्जरी
● नौवां: मानसिक रोग आदि के कार्यालय
ओपीडी औरआईपीडी के लिए 13-13 काउंटर
● नए भवन में ओपीडी व आईपीडी में पंजीयन के लिए 13-13 काउंटर बनाए गए।
● इनमें से दो काउंटर महिलाओं और एक बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए आरक्षित है।
● पुरानी इमरजेंसी की सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, न्यूरो, नेफ्रो और मेडिसिन समेत अन्य विभागों के ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू नए भवन की छठी मंजिल पर शिफ्ट होगा।
● नए भवन में सर्जरी विभाग के लिए करीब 150 बेड का एसी वार्ड बनाया गया है।
● मेडिसिन विभाग के लिए 160 बेड का वार्ड। चार नए ओटी और इमरजेंसी यूनिट बनी है।
टोकन के लिए लगीं 25 मशीनें
● पीएमसीएच में रोजाना औसतन तीन हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।
● टोकन के लिए इंतजार न करना पड़े, इसके लिए 25 टोकन मशीनें लगाई गईं।
● मरीज या उनके परिजन इन मशीनों में मरीज की जरूरी जानकारी दर्ज करेंगे।
● इसके बाद टोकन नंबर मिलेगा। इसी आधार पर मरीज की पर्ची काटी जाएगी।
● पर्ची मिलने के बाद ही मरीज संबंधित विभाग के डॉक्टर को दिखा सकेंगे।
इमरजेंसी के मरीजों के लिए फार्मेसी, दवा के 13 काउंटर
मरीजों की सुविधा के लिए दो स्थानों पर फार्मेसी खुली है। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के लिए ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर के पास ही फार्मेसी काउंटर बनाया गया है। वहीं, ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने वाले मरीजों को दवा लेने के लिए छठी मंजिल पर नहीं जाना पड़ेगा। उनके लिए राजेंद्र सर्जिकल ब्लॉक के पास फार्मेसी की व्यवस्था की जा रही है। यहां दवा वितरण के लिए 13 काउंटर बनाए गए हैं।


