शपथ की तारीख अभी तय नहीं, बोले नितिन नवीन- नई सरकार बनाने की प्रक्रिया कल से होगी शुरू
संक्षेप: इससे पहले बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि बीजेपी 19 नवंबर को विधायक दल का नेता चुनेगी। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई है कि राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया 21 नवंबर तक पूरी हो जाएगी।
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर हलचल काफी तेज है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नितिन नवीन ने कहा है कि मंगलवार से बिहार में नई सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसी के साथ नितिन नवीन ने यह भी साफ किया कि 19-20 तारीख को नई सरकार शपथ ले सकती है। बीजेपी नेता ने कहा कि नई सरकार के शपथ लेने के फाइनल डेट की पुष्टि नहीं हुई है।

इससे पहले बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि बीजेपी 19 नवंबर को विधायक दल का नेता चुनेगी। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई है कि राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया 21 नवंबर तक पूरी हो जाएगी। दिलीप जायसवाल ने कहा कि कल सुबह 10 बजे बीजेपी विधायक दल की एक बैठक बीजेपी के अटल सभागार में होगी। इस बैठक में बीजेपी अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी। केंद्र से हमारे पर्यवेक्षक भी आएंगे और उसके बाद एनडीए की बैठक होगी। इसके बाद सरकार बनाने की प्रक्रिया 21 तारीख तक पूरी हो जाएगी।
बीजेपी सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि सरकार बनाने को लेकर जमीना काम शुरू हो चुके हैं। सिग्रीवाल ने कहा कि सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सरकार जल्द ही शपथ लेगी। लोगों ने हमें प्रचंड बहुमत दिया है और हमें उनकी उम्मीदों पर खर उतरना है। लोगों ने विकास और विश्वास के नाम पर वोट किया है। लोगों ने एसआईआऱ के मुद्दे को खारिज कर दिया है।
सीएम नीतीश ने दिया इस्तीफा
बहरहाल आपको बता दें कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से सोमवार को इस्तीफा दे दिया। नीतीश कुमार ने पटना में राज भवन में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया और नई सरकार के गठन होने तक उनसे मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का आग्रह किया है।
इससे पूर्व नीतीश मंत्रिमंडल की आखिरी बैठक हुई, जिसमें मंत्रिपरिषद को भंग करने का प्रस्ताव पारित किया गया। गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला है। बिहार विधानसभा चुनाव में राजग ने 243 सदस्यीय सदन में 200 से अधिक सीट हासिल कीं, जिसमें भाजपा ने सबसे अधिक 89 सीट जीतीं, जबकि जद(यू) ने 85 सीट जीतीं।
जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा ने कीं धर्मेंद्र प्रधान के साथ अलग-अलग बैठकें
इधर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतन राम मांझी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार को यहां केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ उनके आवास पर अलग-अलग बैठक की। धर्मेंद्र प्रधान बिहार में भाजपा के चुनाव प्रभारी थे। भाजपा नीत राजग के दोनों घटक दलों के प्रमुख जब प्रधान से मिलने उनके आवास पर पहुंचे तब वहां बिहार में भाजपा के राजनीतिक मामलों के प्रभारी विनोद तावड़े भी मौजूद थे।
ये बैठकें ऐसे समय में हुई हैं जब बिहार विधानसभा चुनाव में भारी जीत के बाद राजग बिहार में सरकार बनाने की तैयारी में जुटा है। केंद्रीय मंत्री मांझी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘केंद्रीय मंत्री और बिहार भाजपा प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान तथा भारतीय जनता पार्टी के महासचिव विनोद तावड़े से मुलाकात की, जिन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव, 2025 में राजग की भारी जीत सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम किया। मैंने उन्हें बधाई दी।’’ उन्होंने दोनों भाजपा नेताओं के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें भी पोस्ट कीं।
धर्मेंद्र प्रधान से उनके आवास पर मुलाकात के बाद, कुशवाहा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज शाम केन्द्रीय शिक्षा मंत्री और बिहार चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के विशेष प्रभारी श्री धर्मेन्द्र प्रधान जी से मिलकर राजग की शानदार जीत पर उन्हें बधाई दी।’’ रालोमो प्रमुख ने वरिष्ठ भाजपा नेता के साथ अपनी मुलाकात की एक तस्वीर भी पोस्ट की। सूत्रों ने बताया कि मांझी और कुशवाहा दोनों ने भाजपा नेताओं के साथ बिहार में सरकार गठन और राज्य मंत्रिमंडल में अपनी पार्टियों के प्रतिनिधित्व पर चर्चा की। बिहार के निवर्तमान मंत्रिमंडल की कल बैठक होगी जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को नयी सरकार के गठन के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए अधिकृत किया जाएगा।





