पटना यूनिवर्सिटी चुनाव के बीच NSUI में बवाल, कन्हैया कुमार और वरुण चौधरी के समर्थक भिड़े

Feb 14, 2026 06:52 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के बीच एनएसयूआई में तकरार हो गई है। पटना में शनिवार को एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी का बैनर फाड़ दिया गया। इसका आरोप संगठन के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार पर लगाया गया। इससे दोनों के समर्थक आपस में भिड़ गए।

पटना यूनिवर्सिटी चुनाव के बीच NSUI में बवाल, कन्हैया कुमार और वरुण चौधरी के समर्थक भिड़े

पटना यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव के बीच कांग्रेस की स्टूडेंट विंग एनएसयूआई में तकरार खुलकर सामने आ गई है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी और राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार के समर्थक शनिवार को आपस में भिड़ गए। पटना के सदाकत आश्रम स्थित बिहार कांग्रेस कार्यालय में वरुण चौधरी का पोस्टर फाड़ दिया गया। इसके बाद दोनों गुट आमने-सामने हो गए। समर्थकों के बीच एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी और बहसबाजी हुई, जिससे माहौल गर्मा गया।

नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष सूरज कुमार ने वरुण चौधरी का बैनर फाड़े जाने का विरोध किया। वरुण के समर्थकों ने कन्हैया कुमार के समर्थकों पर बैनर फाड़ने का आरोप लगाया। दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता कन्हैया एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी हैं।

पटना पहुंचे एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बैनर फाड़े जाने की घटना को विरोधियों की बौखलाहट करार दिया। वरुण चौधरी ने कहा, "एनएसयूआई पीयू छात्रसंघ चुनाव में पांचों सीटों पर जीत दर्ज करने जा रही है। जो लोग एनएसयूआई को चुनाव हराना चाहते हैं उनकी बौखलाहट में संगठन के बैनर पोस्टर फाड़े गए। जिसने भी यह हरकत की है, उन पर कठोर कार्रवाई होगी।"

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने बैनर-पोस्टर फाड़े वे डिप्रेशन में हैं। उन्हें मौका नहीं मिला, संतुष्ट नहीं हैं, इसलिए ऐसी हरकतें कर रहे हैं। हालांकि, वरुण ने सीधे तौर पर कन्हैया कुमार का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है कि किन लोगों ने बैनर फाड़े।

वरुण और कन्हैया में पुराना गतिरोध

बता दें कि एनएसयूआई में वरुण चौधरी और कन्हैया कुमार के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा है। पिछले साल पंजाब यूनिवर्सिटी और दिल्ली विश्वविद्यालय में भी दोनों गुटों के बीच उम्मीदवार चयन और अन्य मुद्दों पर खींचतान देखी गई थी। अब पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में भी इस तरह का टकराव हो रहा है, जिससे संगठन की गुटबाजी चरम पर आ गई है।

28 फरवरी को पटना यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव

पटना विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन फॉर्म की बिक्री पूरी हो चुकी है। सोमवार से नामांकन पत्र जमा करने की शुरुआत हो जाएगी। 18 फरवरी को नॉमिनेशन का आखिरी दिन है। 19 को स्क्रूटनी के बाद 21 फरवरी को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी। पीयू चुनाव के लिए 28 फरवरी को मतदान होगा। देर शाम को मतगणना के बाद उसी दिन रिजल्ट भी जारी कर दिया जाएगा।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना के इनपुट के साथ)

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।

और पढ़ें
;;;